लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) एक बार फिर बड़े विवादों के घेरे में आ गया है। जूलॉजी विभाग के एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग के शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह और बीएससी छठे सेमेस्टर की एक छात्रा के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक बेहद आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस फोन वार्ता में प्रोफेसर छात्रा को तरह-तरह के प्रलोभन देकर अपने पास बुलाने की कोशिश करता हुआ सुनाई दे रहा है। हद तो तब हो गई जब प्रोफेसर ने छात्रा को जाल में फंसाने के लिए परीक्षा की शुचिता को ताक पर रख दिया और कहा कि उसने उसके लिए दो पेपर पहले से ही आउट करवा रखे हैं। प्रोफेसर कहता है कि परीक्षा शुरू होने से पहले आकर उससे मिल लो, हालांकि छात्रा बेहद बहादुरी के साथ उसके इस लालच और ऑफर को सिरे से ठुकरा देती है।
‘…ताकि ये फिर से छेड़खानी कर सके’, छात्रा का छलका दर्द
शिक्षक से फोन कॉल कट होने के बाद वायरल ऑडियो में छात्रा की बेबसी और गुस्सा साफ तौर पर सुनाई दे रहा है। फोन कटने के बाद छात्रा अंग्रेजी में खुद से कहती है, ‘यह आदमी मुझे जबरन पेपर देना चाह रहा है, लेकिन मैं नहीं ले रही हूं। यह चाहता है कि मैं इसी बहाने से उसके ऑफिस में मिलने जाऊं ताकि यह एक बार फिर से मेरे साथ छेड़खानी कर सके।’ छात्रा की इन बातों से साफ जाहिर होता है कि आरोपी प्रोफेसर पहले भी उसके साथ गलत हरकतें कर चुका था और इस बार वह पेपर लीक का झांसा देकर उसे अपने केबिन में बुलाने की फिराक में था।
कुलपति सख्त, 24 घंटे के भीतर मांगी रिपोर्ट
ऑडियो इंटरनेट पर लीक होते ही लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एलयू के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने तुरंत कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने इस पूरे सनसनीखेज मामले की जांच ‘इंटरनल कंप्लेंट कमेटी’ (ICC) को सौंप दी है और कमेटी से 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रोफेसर हिरासत में, परीक्षा नियंत्रक ने दर्ज कराया केस
इस पूरे मामले में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की तहरीर पर हसनगंज थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक और छात्रा के बीच बातचीत के तीन ऑडियो क्लिप सामने आए हैं। ये ऑडियो न केवल विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और शुचिता को भंग करते हैं, बल्कि एक छात्रा की गरिमा और अस्मिता को भी गंभीर ठेस पहुंचाने वाले हैं। हसनगंज थाना इंस्पेक्टर के मुताबिक, पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉ. परमजीत सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।














