शिवा शर्मा हत्याकांड : जेल में बंद मॉडल श्रद्धा दुबे ने मुलाकातियों की लिस्ट में सिर्फ पिता को दिया नाम, जानिए अब तक की पूरी टाइमलाइन

लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने जिला जेल में मुलाकात करने वालों की अपनी सूची में केवल अपने पिता और रायबरेली निवासी परिजनों के ही नाम दिए हैं। रविवार को सौंपी गई इस सूची को जेल प्रशासन ने आवश्यक पुलिस सत्यापन (Verification) के लिए भेज दिया है। कभी अपने हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के लिए पहचानी जाने वाली श्रद्धा की इस सूची से उसके करीबी और लग्जरी लाइफस्टाइल के साथियों के नाम गायब होना अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जेल में पूजा-पाठ में बीत रहा समय, परिचितों का रहा इंतजार

जेल सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा रविवार को अपने परिचितों के मिलने आने का इंतजार करती रही, लेकिन साप्ताहिक अवकाश होने और किसी के न पहुंचने पर निराश रही। इस दौरान उसने बैरक की महिला बंदियों से मदद मांगी, जिन्होंने दोनों बहनों को कपड़े आदि उपलब्ध कराए। कभी क्लबों और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए चर्चित रहने वाली श्रद्धा ने जेल में पूजा-पाठ और ध्यान लगाकर समय बिताया, वहीं उसकी बहन रश्मि तीसरे दिन भी मौन रही और उसने किसी से बातचीत नहीं की।

जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि श्रद्धा की ओर से दिए गए नामों की सूची सोमवार को कारागार मुख्यालय भेजी जाएगी और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नियमानुसार मुलाकात की अनुमति दी जाएगी।

फरार कराने में मदद करने वाले 3 और मददगार चिह्नित

कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के बाद फरार हुई श्रद्धा दुबे को शरण देने और नेपाल भगाने में मदद करने वाले तीन अन्य लोगों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, आमिर के अलावा तीन अन्य संदिग्धों की भूमिका सामने आई है, जिन्होंने होटल में कमरा दिलाने से लेकर नेपाल सीमा तक पहुंचाने में मदद की थी। साक्ष्य मिलते ही इनके नाम भी एफआईआर में शामिल किए जाएंगे।

इसके साथ ही, घटना की असली सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद से इसी सप्ताह अवध ग्रीन अपार्टमेंट में ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’ कराने जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की सटीक भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

बयानों में भारी विरोधाभास: नौकरानी के दावे ने उलझाई गुत्थी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त फ्लैट में शिवा, श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और नौकरानी मौजूद थे। श्रद्धा और रश्मि ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि वे दूसरे कमरे में थीं, जबकि नौकरानी के मुताबिक श्रद्धा और रश्मि भी उसी कमरे में मौजूद थीं जहां शिवा था। बयानों में इस बड़े विरोधाभास के बाद अब पुलिस नौकरानी के बयान, पड़ोसियों की गवाही और सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) को आपस में मिलाकर जांच आगे बढ़ा रही है।

जानिए कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में कब क्या-क्या हुआ?

  • 9 अक्तूबर: हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा (27) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

  • 10 अक्तूबर: शिवा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज थाने में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश और आदिल समेत अन्य पर हत्या की FIR दर्ज की गई।

  • 10 अक्तूबर: पुलिस जांच में सामने आया कि श्रद्धा और उसके साथी गाड़ी से नेपाल सीमा (रुपईडीहा) की ओर भाग निकले हैं।

  • 13 अक्तूबर: डीसीपी मध्य ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। रुपईडीहा में श्रद्धा की एसयूवी लावारिस मिली।

  • 15 अक्तूबर: सोशल मीडिया पर श्रद्धा के वीडियो सामने आए, जिसमें उसने घटना को आत्महत्या बताते हुए खुद को बेकसूर कहा।

  • 17 अक्तूबर: आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी। लापरवाही के आरोप में हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया।

  • 18 अक्तूबर: इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये की गई और डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को पद से हटा दिया गया।

  • 19 अक्तूबर: पुलिस टीम रायबरेली स्थित श्रद्धा के घर पहुंची। ढिलाई बरतने पर एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को भी पद से हटाया गया।

  • 20 अक्तूबर: लखनऊ पुलिस और एसटीएफ (UP STF) ने संयुक्त कार्रवाई कर महाराष्ट्र के नागपुर से श्रद्धा, रश्मि और चालक दानिश को गिरफ्तार किया।

  • 21 अक्तूबर: नागपुर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर पुलिस तीनों को लखनऊ लाई। इसी दिन श्रद्धा के मैनेजर व नामजद आरोपी आदिल को भी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।

  • 22 अक्तूबर: कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को 31 अक्तूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha