दिल्ली BJP मुख्यालय में आज बड़ी बैठक, अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

  • PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की होगी समीक्षा, आगे के कार्यक्रमों और रणनीति पर भी मंथन

दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार शाम पार्टी की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, विनोद तावड़े समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया है। पार्टी के मुताबिक, इस अभियान के तहत सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को रेखांकित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद संभाला था। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसंपर्क और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

23-24 सितंबर को मंत्रिपरिषद की चिंतन बैठक

बीजेपी की बैठक के अलावा 23 और 24 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की दो दिवसीय चिंतन बैठक प्रस्तावित है। इसमें सभी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।

बैठक में शासन व्यवस्था और नीतियों के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकारी योजनाओं की प्रगति, नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने, मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय और आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच जैसे विषयों पर मंथन किया जा सकता है।

इस बैठक में सरकारी कामकाज में सुधार और समयबद्ध तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी जोर दिए जाने की संभावना है। वहीं, 23 सितंबर से शुरू होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले बीजेपी मुख्यालय में होने वाली बैठक को पार्टी के मौजूदा अभियान की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha