UP ATS का बड़ा खुलासा : पाकिस्तान से आ रही थी फंडिंग, करीबियों के खातों का किया इस्तेमाल….रेलवे सिग्नल और गैस टैंकर थे निशाने पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को आतंकी धमाकों और आगजनी से दहलाने की एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का पर्दाफाश हुआ है। यूपी एटीएस (ATS) ने पाकिस्तान समर्थित एक ऐसे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो सीधे सरहद पार बैठे हैंडलर्स के संपर्क में था। ये आतंकी रेलवे के सिग्नल सिस्टम को ठप करने और गैस सिलेंडर से भरे ट्रकों को उड़ाने की फिराक में थे। पुलिस ने इस मामले में आतंकी फंडिंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 8 बैंक खातों को भी सीज कर दिया है।

पाकिस्तान से आ रही थी फंडिंग, करीबियों के खातों का किया इस्तेमाल

एटीएस की जांच में बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इन आतंकियों को पैसे भेजने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और करीबियों के 8 अलग-अलग बैंक खातों में क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए पैसे मंगवाए। अब तक की जांच में करीब 2 लाख रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई है। एटीएस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी खातों को फ्रीज कर दिया है ताकि आतंकी नेटवर्क की कमर तोड़ी जा सके।

आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास से दबोचे गए 4 संदिग्ध

इस पूरे ऑपरेशन की नींव 2 अप्रैल को पड़ी, जब एटीएस ने लखनऊ के आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास से घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में मेरठ का साकिब और अरबाब, जबकि गौतमबुद्धनगर का लोकेश और विकास शामिल है। शुरुआती पूछताछ में इन्होंने कबूला कि इनका मकसद लखनऊ समेत प्रदेश के कई बड़े शहरों में दहशत का माहौल पैदा करना और जान-माल का नुकसान करना था।

रूह कंपा देने वाला था ‘प्लान’: ट्रेन हादसा और सिलेंडर ब्लास्ट की थी तैयारी

आतंकियों के निशाने पर लखनऊ का रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और भीड़भाड़ वाले इलाके थे। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें रेलवे के सिग्नल बॉक्स को तबाह करने का टास्क दिया गया था, जिससे कोई बड़ी रेल दुर्घटना हो सके। इसके साथ ही, वे सड़क पर दौड़ते गैस सिलेंडर से भरे ट्रकों में आग लगाकर बड़े धमाके करने की योजना बना रहे थे। पाकिस्तानी आकाओं ने उन्हें रेकी करने और आगजनी की वारदातों के बदले मोटी रकम का लालच दिया था।

पंजाब कनेक्शन और फरार साथियों की तलाश

जांच की आंच अब उत्तर प्रदेश से निकलकर पंजाब तक पहुंच गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि लखनऊ में तबाही मचाने के बाद इन आतंकियों का प्लान पंजाब भागने का था, जहां इनके कुछ और मददगार छिपे हुए हैं। एटीएस अब इन आरोपियों के ‘पंजाब मॉड्यूल’ को खंगाल रही है और जल्द ही पड़ोसी राज्य में बड़ी छापेमारी की जा सकती है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha