लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सांगठनिक और चुनावी तैयारियों को प्रचंड गति दे दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की हालिया कार्यकारिणी बैठक के बाद पार्टी ने प्रदेश फतह करने का पूरा ‘रोड मैप’ तैयार कर लिया है। रणनीति के तहत अब बीजेपी अपने पूरे सांगठनिक ढांचे को चुनावी मैदान में उतारने जा रही है।
इस मेगा प्लान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की सभी 18 कमिश्नरियों में विशाल चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह क्षेत्रवार रैलियों, संगठनात्मक बैठकों और बूथ सम्मेलनों के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और चुनावी माहौल को पार्टी के पक्ष में मोड़ेंगे।
शीर्ष नेतृत्व मैदान में: पीएम मोदी, शाह के साथ नितिन नवीन और राजनाथ संभालेंगे कमान
हाल ही में बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रभारियों और जिलाध्यक्षों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्र सरकार के कई प्रमुख मंत्री और संगठन के शीर्ष पदाधिकारी पूरे प्रदेश में धुआंधार प्रचार करेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
50 परिवारों पर 1 कार्यकर्ता की तैनाती, डोर-टू-डोर संपर्क का मिला टारगेट
बीजेपी ने हर बार की तरह इस बार भी अपने सबसे मजबूत हथियार—’केडर और कार्यकर्ताओं’—को सीधे जनता के बीच भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी ने हर 50 परिवारों पर एक समर्पित कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की है।
ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी और योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही, हर वर्ग, जाति और समुदाय के लोगों को बीजेपी के साथ जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। जिला स्तर पर समन्वय टोलियां बनाई जा रही हैं और विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी प्रभारियों की तैनाती व चुनाव संचालन समितियों का गठन भी अंतिम चरण में है।
1918 मंडलों में रात्रि प्रवास करेंगे कार्यकर्ता, चौपाल और जनसंवाद पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे चुनावी समर में अपनी पूरी ताकत झोंक दें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 1918 मंडलों में प्रवास के लिए सशक्त और समर्पित टीमें बनाई जाएं।
कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में ‘रात्रि प्रवास’ करेंगे और ग्रामसभा स्तर पर चौपाल व जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि नए युवा मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में वोटर लिस्ट में जोड़ा जा सके।
3 नवंबर से सभी 6 क्षेत्रों में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सांगठनिक अभियानों की जानकारी देते हुए बताया कि 3 नवंबर से प्रदेश के सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की सक्रिय भागीदारी का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी पार्टी अपनी पैठ मजबूत करेगी। जिलाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर केवल अपनी तस्वीरें पोस्ट करने के बजाय पार्टी के मुख्य मुद्दों, विचारों और सांगठनिक गतिविधियों को प्राथमिकता से शेयर करें।



















