उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां महज 9 वर्ष के मासूम बच्चे का अपहरण करने के बाद गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक बच्चे की पहचान 9 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो बीते 28 अक्टूबर की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था. शुक्रवार को मासूम का शव दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास स्थित एक ईख (गन्ने) के खेत से बरामद किया गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची रतनपुरी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के ही परिवार के 16 वर्षीय नाबालिग चचेरे भाई अरमान को हिरासत में लिया. पुलिस द्वारा जब संदेही से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने मासूम की हत्या करने का अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया.
थप्पड़ और चोरी का बदला लेने के लिए की मासूम की निर्मम हत्या
मृतक मासूम के चाचा गुलशेर ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी रंजिश का खुलासा किया है. परिजनों के अनुसार, आरोपी अरमान हरियाणा में एक दुकान पर काम करता था, जहां उसने 18 अक्टूबर को चोरी की घटना को अंजाम दिया था. उस दौरान चाचा गुलशेर ने अरमान को रंगे हाथों पकड़कर दुकान मालिक के हवाले कर दिया था और उसकी पिटाई भी की थी.
इसी पिटाई और अपमान का बदला लेने की नीयत से आरोपी अरमान ने खौफनाक साजिश रची. उसने मुजफ्फरनगर के सठेड़ी गांव से अपने ही मासूम चचेरे भाई अमन का अपहरण किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने मासूम के शव को हाईवे के पास ईख के घने खेत में छिपा दिया था.
24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया वारदात का पर्दाफाश, आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ग्रामीण (SP Rural) अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 29 अक्टूबर को रतनपुरी थाने में गांव सठेड़ी से 9 साल के बच्चे अमन के अचानक गायब होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और मामले के खुलासे के लिए तुरंत 2 से 3 विशेष टीमों का गठन किया.
संदिग्धों से पूछताछ के दौरान जब मृतक के चाचा ने अरमान पर शक जताया तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया. आरोपी की निशानदेही पर 30 अक्टूबर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गन्ने के खेत से मासूम का शव बरामद कर लिया.
पुलिस अधिकारी का बयान: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई त्वरित कार्रवाई
एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी चाचा के साथ हरियाणा में काम करता था और पिटाई की रंजिश के चलते ही उसने 29 अक्टूबर को अमन का अपहरण कर हत्या की बात स्वीकार की है.
इस अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों के तहत सीओ बुढ़ाना और एसएचओ रतनपुरी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा किया गया है. फिलहाल नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की विधिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



















