NEET UG 2026: नीट पेपर लीक में CBI का सबसे बड़ा खुलासा, परीक्षा खत्म होते ही आरोपी मनीषा ने जला दिए थे सारे सबूत, कस्टडी में उगले राज

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी 2026’ (NEET-UG 2026) के पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के हाथ एक ऐसी बड़ी कामयाबी लगी है, जिसने पूरे शिक्षा जगत की बुनियाद को हिलाकर रख दिया है। सीबीआई की टीम ने दिल्ली से एक और मुख्य मास्टरमाइंड को दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ी गई आरोपी कोई बाहरी ठग नहीं, बल्कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की अपनी ही पैनल एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद एनटीए के सुरक्षा दावों की पोल खुल गई है और पूरे एजुकेशन सिस्टम में हड़कंप मच गया है।

सबूत मिटाने की खौफनाक साजिश, परीक्षा के तुरंत बाद जला दिए दस्तावेज

जांच एजेंसी की कड़ाई से हुई पूछताछ में आरोपी मनीषा मंधारे ने जो खुलासे किए हैं, वे बेहद हैरान करने वाले हैं। इस घिनौने खेल को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से सबूतों को मिटाने की पूरी कोशिश की गई थी। पूछताछ में सामने आया है कि एक अन्य आरोपी कुलकर्णी द्वारा छात्रों के साथ साझा किए गए केमिस्ट्री के हाथ से लिखे सवालों को पहले ही नष्ट कर दिया गया था। इतना ही नहीं, खुद मनीषा मंधारे ने 3 मई को परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद बचे हुए सभी गोपनीय कागजातों और सबूतों को जलाकर राख कर दिया था ताकि जांच एजेंसी के हाथ खाली रह जाएं।

पुणे के सीक्रेट फ्लैट में रची गई थी पूरी ‘ब्लैक मनी’ स्क्रिप्ट

सीबीआई की तफ्तीश में मनीषा के काले कारनामों की पूरी क्रोनोलॉजी और साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जांच के मुताबिक, अप्रैल 2026 के दौरान मनीषा मंधारे ने पहले से गिरफ्तार हो चुकी एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क का ताना-बाना बुना था। वाघमारे का काम नीट की तैयारी कर रहे अमीर और जरूरतमंद छात्रों को जाल में फंसाकर इकट्ठा करना था। इसके बाद मनीषा मंधारे ने पुणे स्थित अपने ही घर पर इन चुनिंदा छात्रों के लिए एक बेहद गुप्त ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’ शुरू की।

स्पेशल क्लास में रटाए गए थे हुबहू सवाल, बदले में वसूली मोटी रकम

इन सीक्रेट क्लासेस के अंदर खेल का असली स्तर शुरू हुआ। एनटीए की एक्सपर्ट होने के नाते मनीषा को परीक्षा के पैटर्न और सवालों की पूरी जानकारी थी। उसने छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी (जीव विज्ञान) के बेहद महत्वपूर्ण और सटीक सवाल न सिर्फ बताए, बल्कि उनकी नोटबुक में बकायदा नोट करवाए और किताबों में टिक मार्क भी लगवाए। इसके बदले में हर छात्र से लाखों रुपये की मोटी रकम वसूली गई थी।

3 मई को जब खुला बुकलेट तो उड़ गए सबके होश

इस खौफनाक साजिश का सबसे पुख्ता सबूत 3 मई 2026 को सामने आया। जब छात्र नीट-यूजी की परीक्षा देने केंद्रों पर बैठे और उनके सामने प्रश्न पत्र आया, तो वे दंग रह गए। मनीषा द्वारा पुणे की सीक्रेट क्लास में रटाए गए ज्यादातर सवाल हुबहू मुख्य परीक्षा के पेपर में छपे हुए थे। सीबीआई अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि मनीषा के पास परीक्षा से इतने दिन पहले यह सवाल कहां से आए और इस रैकेट में एनटीए के भीतर और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment