
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और आत्महत्या की अफवाह के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। कैंपस में हुए उग्र विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अगले 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित कर दी हैं और मिडटर्म परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। सोमवार सुबह से ही हजारों छात्र-छात्राएं हॉस्टल खाली कर अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं।
20 करोड़ की संपत्ति का नुकसान और पुलिस पर पथराव
शनिवार भोर से शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसा में बदल गया। इंटेलिजेंस इनपुट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों और असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ में करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। उग्र भीड़ ने कैंपस की दुकानों, वाहनों और पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने परिसर में खड़े पुराने MiG-23UM विमान और सैन्य टैंक पर चढ़कर नारेबाज़ी की। इस दौरान हुए पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया है।
पुलिस का फ्लैग मार्च, हाईवे पर खोला गया जाम
रविवार शाम प्रदर्शनकारी छात्रों ने कैंपस के बाहर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे (NH-44) को पूरी तरह जाम कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया और देर रात पंजाब पुलिस के ADGP मोहम्मद फैयाज फारूकी के नेतृत्व में कैंपस में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस के कड़े रुख और आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया। फिलहाल हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।
रेप की एफआईआर दर्ज, जांच के लिए बनी SIT
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। DIG नवीन सिंगला ने बताया कि फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच में छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हिंसा फैलाने और आगजनी करने वाले असामाजिक तत्वों व अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
LPU प्रशासन का बयान: ‘सभी आरोप पूरी तरह निराधार’
दूसरी ओर, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी और डीन सौरभ लखनपाल ने रेप और आत्महत्या की खबरों को पूरी तरह से ‘झूठा, निराधार और मनगढ़ंत’ करार दिया है। यूनिवर्सिटी का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर शैक्षणिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा कि वे किसी भी निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने के लिए तैयार हैं।
चितकारा यूनिवर्सिटी में भी तनाव, नॉन-टीचिंग डेज घोषित
एलपीयू के अलावा पंजाब की बनूड़ स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी बीते दिनों हुए हंगामे के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। छात्रों के जारी विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर प्रबंधन ने 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक ‘नॉन-टीचिंग डेज’ घोषित किए हैं। पंजाब की प्रमुख निजी यूनिवर्सिटियों में बन रहे इस माहौल को देखते हुए राज्य पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।














