‘नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं राहुल गांधी’, अमित शाह का तंज; SIR को लेकर कांग्रेस पर लगाया घुसपैठियों को बचाने का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च के बाद कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बहाने घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस की ओर से आयोजित मॉक पार्लियामेंट को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी असली संसद में प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे, लेकिन मॉक पार्लियामेंट में प्रधानमंत्री बनकर अपनी इच्छा पूरी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “नकली संसद में आप एक बार प्रधानमंत्री बन जाओ, क्योंकि असली संसद में वो नहीं बन पाएंगे, मॉक पार्लियामेंट में बन जाएंगे। सोनिया गांधी के हृदय को शांति हो जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा, “राहुल जी इस तरीके से चुनाव नहीं जीत सकते हैं। तीन महीना-चार महीना होता है, विदेश चले जाते हो। जनता की समस्या को समझना और सुलझाना होगा। हाथ में संविधान रखते हैं और वो इसका निर्वहन नहीं करते हैं। संसद चलने नहीं देते हैं।”

‘विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं, चर्चा कीजिए’

गृह मंत्री ने संसद के कामकाज को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है और विपक्ष को उसमें चर्चा करनी चाहिए।

अमित शाह ने कहा, “मैं चैलेंज देता हूं, हम विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। आ जाइए। चर्चा कीजिए। मगर वो चर्चा नहीं करेंगे। उनको मालूम है। अराजकता से ही अपने आप को खबरों में रख सकते हैं। अगर संसद में रहे तो पीएम मोदी उनकी धज्जियां उड़ा देंगे।”

‘वोट बचाओ नहीं, घुसपैठियों को बचाओ रैली थी’

अमित शाह ने कांग्रेस की रैली और SIR के मुद्दे पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर मौजूद हैं और इससे पहले दिल्ली में भी राहुल गांधी ने रैली की थी। गृह मंत्री ने कांग्रेस की रैली को घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताया।

उन्होंने कहा, “आज हैदराबाद में हजारों लोग सड़कों पर खड़े हैं। कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी। राहुल गांधी ने एक रैली की। उन्होंने कहा कि ये एक वोट बचाओ रैली है। ये वोट बचाओ रैली नहीं थी बल्कि ये घुसपैठियों को बचाओ रैली थी।”

अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR की प्रक्रिया को रोककर मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने से बचाना चाहती है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस SIR को रोक कर देश की मतदाता सूची से बांग्लादेश घुसपैठियों को बचाना चाहती है, लेकिन आज मैं कहना चाहता हूं कि आपको जितना जोर लगाना है लगा लीजिए बीजेपी एक-एक घुसपैठियों को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालकर दम लेगी।”

वोटर लिस्ट से 13 करोड़ नाम हटाने के आरोप पर क्या बोले शाह?

गृह मंत्री ने राहुल गांधी के उस आरोप का भी जवाब दिया, जिसमें मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कही गई थी। अमित शाह ने इस दावे को गलत बताते हुए नामों के हटने की अलग-अलग वजहें गिनाईं।

उन्होंने कहा, “ये राहुल गांधी कहते हैं कि 13 करोड़ वोट काट दिए गए। ये झूठ बोल रहे हैं। सवा 6 करोड़ वोट ऐसे हैं जो दूसरी जगह रहने चले गए। 2.8 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो गई। 1 करोड़ ऐसे हैं जिसकी डुप्लीकेट एंट्री है। 3 करोड़ वोट ऐसे थे, जो है ही नहीं। ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।”

हैदराबाद में दिए गए इस बयान के जरिए अमित शाह ने SIR, मतदाता सूची और संसद के कामकाज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उनके बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच इन मुद्दों पर राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha