सआदतगंज मर्डर केस : दूध व्यापारी रेहान के हत्यारे को पुलिस ने मुठभेड़ में किया पस्त, पैर में लगी गोली!

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में हुए नृशंस हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में धर दबोचा है। 25 वर्षीय दूध विक्रेता रेहान की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या करने वाले शातिर आरोपी हुजैफा को दुबग्गा थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

फोन करके सुनसान जगह बुलाया, फिर चाकुओं से गोदा

उल्लेखनीय है कि रविवार देर शाम सआदतगंज थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। रोजाना की तरह दूध बेचने का काम करने वाले 25 वर्षीय रेहान को एक सोची-समझी साजिश के तहत फोन कर सुनसान जगह पर बुलाया गया। वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आरोपी हुजैफा और उसके साथी अतुल ने रेहान पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

हमलावरों ने रेहान की गर्दन, सीने और कमर पर पैने चाकू से कई वार किए। खून से लथपथ रेहान जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गए। इस बीच सड़क पर तड़पते घायल रेहान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था।

दुबग्गा में पानी की टंकी के पास पुलिस और बदमाश में मुठभेड़

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। पुलिस को सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी हुजैफा दुबग्गा थाना क्षेत्र में पानी की टंकी के पास छिपा हुआ है और शहर से बाहर भागने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी हुजैफा ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली हुजैफा के पैर में जा लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।

दूसरे आरोपी अतुल की तलाश जारी, पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में इलाज करा रहे मुख्य आरोपी हुजैफा से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।

वहीं, इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी अतुल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सरेराह दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों पर पुलिस का यह त्वरित और कड़ा एक्शन अपराधियों के लिए एक सीधा और सख्त संदेश है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha