Sandeep Singh Murder Case: संदीप सिंह हत्याकांड के शूटर संजय का एनकाउंटर; PGI मर्डर केस में STF ने 1 लाख के इनामी बदमाश को किया ढेर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पीजीआई (PGI) थाना क्षेत्र में बीती 27 मई को हुए बहुचर्चित रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह हत्याकांड में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शनिवार सुबह एसटीएफ की टीम ने संदीप सिंह की दिनदहाड़े हत्या करने वाले मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव को एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया है। मारा गया शूटर संजय लंबे समय से पुलिस और एसटीएफ की रडार पर था और उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। संजय मूलरूप से अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना अंतर्गत ग्राम चक कोदार का निवासी था।

इंदिरा कैनाल रोड पर घेराबंदी, पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

एसटीएफ के एडिशनल एसपी दीपक सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह खुफिया तंत्र से सूचना मिली थी कि संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड क्षेत्र के पास मौजूद है। इस इनपुट पर एसटीएफ की टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर शूटर संजय ने आत्मसमर्पण करने के बजाय बचने के लिए एसटीएफ की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में शूटर संजय को गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। एसटीएफ ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रियल एस्टेट कारोबारी दिनेश यादव ने रची थी संदीप सिंह की हत्या की साजिश

बता दें कि 27 मई को लखनऊ के पॉश इलाके पीजीआई में रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह की सरेराह गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में दो शूटरों द्वारा संदीप पर फायरिंग करने की बात सामने आई थी। लखनऊ पुलिस और एसटीएफ की प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीनी रंजिश और रियल एस्टेट कारोबारी दिनेश यादव की मुख्य साजिश का पर्दाफाश हुआ था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकरबीन उर्फ मुबीन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले पेशेवर शूटर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए थे।

कुख्यात दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग का शार्प शूटर था संजय

पुलिस रिकॉर्ड्स के अनुसार, एनकाउंटर में मारा गया संजय उर्फ संजीव एक बेहद शातिर और खूंखार किस्म का पेशेवर अपराधी था। वह अंबेडकरनगर, बस्ती, सुल्तानपुर और अयोध्या समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हत्या, रंगदारी और जानलेवा हमले जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से वांछित चल रहा था। एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया है कि संजय अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और अंडरवर्ल्ड डॉन जफर सुपारी के भाई खान मुबारक गैंग से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। उसने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पूर्वांचल और लखनऊ में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। इस एनकाउंटर के बाद एसटीएफ अब इस केस से जुड़े दूसरे शूटर की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment