
नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। बादल परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। घटना में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आने की जानकारी सामने आई है।
गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में परिवार के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान एक निहंग ने कृपाण से उन पर हमला किया। हमले के दौरान उनके सुरक्षाकर्मी को भी निशाना बनाया गया।
बताया गया है कि बहसबाजी के बीच निहंग ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर वार किया। इस हमले में उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभाला।
सुरक्षाकर्मी पर भी किया हमला
हमलावर ने सुखबीर सिंह बादल के साथ मौजूद उनके सुरक्षाकर्मी पर भी हमला किया। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई।
फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल को हाथ में चोट लगी है। घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और हमले के पीछे की वजह सामने आना अभी बाकी है।
क्यों किया हमला?
फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश की जा रही है. सुखबीर बादल पर हमला उस वक्त हुआ जब वह गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे. बादल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया है. सीएम देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ पुलिस से हमले की जानकारी ली.
नांदेड़ क्यों गए सुखबीर सिंह बादल?
जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ में स्थित सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने और दर्शन करने गए थे. जब वे गुरुद्वारा माता साहिब कौर के पास पहुंचे तभी एक अज्ञात हमलावर ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया. बता दें कि नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब सिखों के पांच सबसे पवित्र और सर्वोच्च तख्तों में से एक माना जाता है. सुखबीर सिंह बादल यहां गुरुद्वारे में सेवा करने और माथा टेकने के मकसद से पहुंचे थे.
दो साल पहले भी हुआ था बादल पर हमला
सुखबीर सिंह बादल पर दो साल पहले भी हमला हुआ था. 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) के बाहर सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ था. जब वे अकाल तख्त द्वारा दी गई धार्मिक सजा के तहत पहरेदारी की सेवा निभा रहे थे, तब नारायण सिंह चौड़ा नामक हमलावर ने उनपर गोली चलाई. सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को तुरंत दबोच लिया था.












