
उत्तर प्रदेश में सरकार के लाख दावों के बीच कोरोना विकराल रूप से फैलता ही जा रहा है। बीते 24 घंटे में यूपी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। नए आंकड़ों के अनुसार यूपी में 12787 कोरोना के मरीज सामने आए हैं, जबकि 48 लोगों की मौत हुई है। वहीं कोरोना संक्रमण के मामले में लखनऊ पूरे प्रदेश में टॉप पर है। लखनऊ में पिछले 24 में 4059 मरीज सामने आए हैं। जबकि 23 लोगों की मौत हुई है।
वहीं कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार से दूसरे जिले भी अछूते नहीं हैं। प्रयागराज में बीते 24 घंटे में 1460, वाराणसी में 983, कानपुर नगर में 706 और गोरखपुर में 422 संक्रमित मिले हैं। वहीं प्रयागराज में जहां 2 मरीजों की मौत हुई है, तो वहीं कानपुर नगर में 6 और वाराणसी में 2 मरीजों की मौत हुई है। जबकि गोरखपुर के लिए राहत की बात है कि बीते 24 घंटे में एक भी मौत नही हुई है।
15 अन्य जिलों में भी 100 मरीजों की संख्या पार
यूपी में भले ही अभी 4 से 5 जिलों में कोरोना फैला हुआ है लेकिन ऐसे 21 जिले हैं। जहां 100 से ऊपर मरीजों की संख्या पहुंच गई है। जिसमें गाजियाबाद 159, गौतमबुद्ध नगर 221, मेरठ 236, बरेली 144, झांसी 235, आगरा 104, मुजफ्फरनगर 161, बलिया 188, बाराबंकी 139, मथुरा 123, जौनपुर 186, रायबरेली 127, बस्ती 117, सुल्तानपुर 106 और मिर्जापुर 101 मरीज शामिल हैं।
वहीं लखनऊ में कोविड के बढ़ते मामलों की वजह से बड़ी मारामारी है। हॉस्पिटल्स में बेड भर गए हैं। कोविड की जांच कराने वालों की लंबी लाइन है। ऐसे में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल, हजरतगंज में विक्की नाम के युवक का 6 अप्रैल को कोविड टेस्ट हुआ था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह लगातार कंट्रोल रूम पर फोन करता रहा लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं था।
शनिवार को दोपहर में कुछ पुलिस वाले रंजन पेट्रोल पंप जोकि हजरतगंज चौराहे के पास ही स्थित है पहुंचे और विक्की को एक टिन शेड के नीचे लेटने को बोला और उसे रस्सी से घेर कर आइसोलेट कर दिया है। हालांकि इसी सूचना जब अधिकारियों को मिली तो आनन फानन में एंबुलेंस की व्यवस्था कर विक्की को अस्पताल में एडिमट करवाया गया।













