वैशाली नाव हादसा : गंगा में डूबे एक ही खानदान के 13 मासूम, श्राद्ध का भोज खाने जा रहे बच्चों की मौत से कोहराम

वैशाली/बिहार। बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। नदी की उफान मारती लहरों में 20 से 30 लोगों से भरी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 13 बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

इस हादसे का सबसे खौफनाक पहलू यह है कि जान गंवाने वाले सभी 13 बच्चे एक ही खानदान से ताल्लुक रखते थे और आपस में गोतिया (रिश्तेदार) थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और रामपुर श्यामचंद गांव के हर घर में मातम छाया है।

पड़ोसी गांव में श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे बच्चे

मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के सिदाहिन राय की दिव्यांग बेटी की हाल ही में मौत हो गई थी, जिसके श्राद्ध कर्म का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बच्चे इसी कार्यक्रम में शामिल होकर भोज खाने के लिए एक निजी नाव पर सवार होकर पड़ोसी गांव जा रहे थे।

लेकिन नदी के बीच पहुंचते ही यह खुशी का सफर जिंदगी के आखिरी सफर में बदल गया। हादसे में रामप्रवेश राय के परिवार के 7 बच्चे, राजकिशोर राय के परिवार के 5 बच्चे और डोमन राय के परिवार की 1 बच्ची की जान चली गई। मृतकों में दो बच्चियों की उम्र लगभग 18 वर्ष थी, जबकि बाकी सभी बच्चों की उम्र 15 साल से कम थी। इनमें लड़कियों की संख्या अधिक है।

जर्जर नाव और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को ले जा रही नाव काफी पुरानी और जर्जर स्थिति में थी। जैसे ही नाव नदी के बीच पहुंची, वह अचानक फट गई और देखते ही देखते गंगा के गहरे पानी में समा गई। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाव में क्षमता से काफी अधिक लोगों को बैठा लिया गया था, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में निकले 13 शव, 3 की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर, पुलिस बल और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद नदी से सभी 13 बच्चों के शवों को बाहर निकाल लिया गया।

वहीं, डूबने से बेसुध हुए पुटुस कुमार और अनुष्का कुमारी समेत तीन बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मृतकों की सूची:

  1. मीरा कुमारी

  2. निशु कुमारी

  3. अनिशा कुमारी

  4. सुनीता कुमारी

  5. आर्यन कुमार

  6. मोहन कुमार

  7. अमृता कुमारी

  8. अंकिता कुमारी

  9. पिंकी कुमारी

  10. नमन कुमार

  11. सिकी कुमारी

  12. भोनू कुमारी

  13. सोनम कुमारी

पीएचसी राघोपुर में शवों का अंबार, परिजनों में फूटा गुस्सा

रेस्क्यू के बाद सभी 13 शवों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) राघोपुर लाया गया। पीएचसी परिसर में शवों का अंबार लगते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पीएचसी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वैशाली के वरीय पुलिस अधिकारी शुभांक मिश्रा और सदर SDPO सुबोध कुमार पुलिस टीम के साथ खुद मौके पर मुस्तैद हैं।

दूसरी ओर, जर्जर नाव के संचालन और प्रशासनिक ढिलाई से आक्रोशित ग्रामीणों ने वैशाली डीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी और उग्र प्रदर्शन किया।

बिहार सरकार ने किया 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान

इस दुखद हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए बिहार सरकार ने आपदा राहत कोष से सभी 13 मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की तत्काल घोषणा की है। पुलिस प्रशासन सभी शवों का कागजी पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha