
भोपाल। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक में लोक कलाओं से जुड़े नए सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों से स्थानीय प्रतिभाओं और कला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश, विद्यार्थियों के प्लेसमेंट, अधोसंरचना विकास और विश्वविद्यालयों की वित्तीय स्थिति की समीक्षा की गई। मंत्री ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में वर्तमान में 122 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें संगीत, नृत्य, ललित कला, नाट्य एवं रंगकर्म सहित विभिन्न विषय शामिल हैं। मंत्री ने इन पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि दूरदराज के विद्यार्थियों तक भी इसकी जानकारी पहुंच सके।
वहीं सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में 16 पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। मंत्री ने शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव, उपसचिव राजेश गुप्ता, कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्रबुद्धे, रजिस्ट्रार रामनिवास गुप्ता सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।












