महाराष्ट्र के पुणे से सामने आए केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन ऐसे खुलासे हो रहे हैं जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ दें। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है, जिन पर केतन को लोहगढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मारने का आरोप है। सिया की गिरफ्तारी के बाद अब उसका एक पुराना इंस्टाग्राम पोस्ट (Instagram Post) सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। इस पोस्ट के जरिए हत्यारी मंगेतर ने दुनिया के सामने खुद को बेकसूर और केतन की मौत के गम में टूटी हुई प्रेमिका दिखाने का घिनौना ‘ढोंग’ रचा था।
केतन के कत्ल के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर लिखा था—’वापस आ जा’
केतन को मौत के घाट उतारने के ठीक बाद सिया गोयल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद भावुक कर देने वाली पोस्ट लिखी थी ताकि किसी को उस पर शक न हो। सिया ने लिखा था:
“तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर अकेला छोड़ दिया। तुम तब चले गए जब हम अपनी शादी के बेहद करीब थे। मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया? मेरे कई सपने थे, ऐसे कई सवाल थे जिनके जवाब मुझे अब कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना बेपनाह प्यार करती थी तो तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”
इस पोस्ट के साथ सिया ने एक वीडियो क्लिप भी शेयर की थी, जिसमें केतन कार की अगली सीट से पीछे मुड़कर मुस्कुराते हुए बात करते नजर आ रहे थे और दोनों एक रोमांटिक गाने पर डांस कर रहे थे। सिया ने पोस्ट के आखिर में लिखा था, “मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है… वापस आ जा।”
शाही शादी की थी तैयारी, उदयपुर में महल और प्राइवेट जेट थे बुक
जांच में यह बात सामने आई है कि केतन और सिया की सगाई हो चुकी थी और दोनों की शादी बेहद आलीशान और शाही अंदाज में होने वाली थी। शादी के सारे फंक्शन के लिए राजस्थान के उदयपुर में एक भव्य महल (Palace) बुक किया गया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए प्राइवेट जेट (Private Jet) तक की बुकिंग हो चुकी थी।
सब कुछ तय था, लेकिन पर्दे के पीछे की कहानी बेहद खौफनाक थी। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ है कि सिया इस शादी से बिल्कुल खुश नहीं थी। वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ रहना चाहती थी। सिया केतन को अपनी जिंदगी और प्यार के बीच का सबसे बड़ा रोड़ा मानती थी, जिसे हटाने के लिए उसने और चेतन ने मिलकर मौत की पूरी प्लानिंग की। 19 जून को सिया का जन्मदिन था, और इसी को बहाना बनाकर वह एक दिन पहले 18 जून को केतन को ट्रैकिंग के नाम पर लोहगढ़ किले की ऊंची पहाड़ी पर ले गई और वहां से उसे 400 फीट नीचे गहरी खाई में धकेल दिया। वारदात के बाद उसने पुलिस के सामने कहानी गढ़ी कि तेज हवा चलने के कारण केतन का पैर फिसल गया था।
खौफनाक खुलासा: 4 दिन पहले सांप का डर दिखाकर मारने की रची थी साजिश
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में जो नया और सबसे सनसनीखेज सच सामने आया है, उसके मुताबिक सिया ने केतन को मारने की कोशिश 18 जून से पहले भी की थी। जांचकर्ताओं का दावा है कि 14 जून को भी दोनों लोहगढ़ किला घूमने गए थे। वहां सिया ने योजना के तहत केतन को अचानक सांप का डर दिखाया, ताकि वह डरकर पीछे हटे और उसका संतुलन बिगड़ जाए और वह खाई में गिर जाए। हालांकि, सिया का यह ‘स्नेक प्लान’ फेल हो गया और केतन बाल-बाल बच गए। लेकिन इसके ठीक चार दिन बाद शातिर मंगेतर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर केतन को मौत की नींद सुला ही दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड में जेल की सलाखों के पीछे हैं।















