छत्तीसगढ़ में छुई खदान धंसने से तीन महिला समेत चार की मौत, ऐसे हुआ ये दर्दनाक हादसा

कोरिया /रायपुर, (हि.स.)। कोरिया जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गढ़तर के मौहारीपारा रोड स्थित लोहरिया नदी के पास शाम को अवैध रूप से संचालित छुई खदान धंसने से तीन महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। खदान के मलबे में एक और व्यक्ति के दबे होने की आशंका जतायी जा रही है।

लोहरिया नदी के पास ग्रामीण लंबे समय से छुई मिट्टी निकालते हैं। यह स्थल अघोषित छुई खदान के रूप में प्रचलित है। बुधवार को भी बंजारीडांड मौहारी पारा के लोहरिया नदी में मजदूर छुई मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। देर शाम को अचानक छुई खदान का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसमें कई लोग दब गए। खड़गवां पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग व एक्सीवेटर के माध्यम से मलबे को हटाने का काम शुरू किया।घटना की सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक चार शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों में तीन महिलाएं हैं। मृतकों की पहचान पूजा पुत्री रन सिंह गोंड निवासी पोंटेडांड, रामसुंदर पुत्र रामदास, निवासी पोंटेडांड, मनमति पत्नी शिवकुमार गोंड निवासी गड़तर एवं मीरा बाई पत्नी अमर सिंह निवासी गड़तर के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि अभी एक व्यक्ति और दबा हो सकता है।

हादसे की खबर मिलने पर बैकुंठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल बना है।

खबरें और भी हैं...