
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक बहू पर अपने ही ससुर की बेदर्दी से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बहू ने साजिश के तहत पहले ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर अपने साथियों के साथ मिलकर फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी जीवन लीला समाप्त कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान सोनबरसा गांव निवासी सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है। सच्चाराम के दो बेटे हैं। आरोप है कि उनकी बड़ी बहू शोभा गुप्ता काफी समय से ससुर पर पूरी संपत्ति अपने नाम करने का अनुचित दबाव बना रही थी। हालांकि, सच्चाराम गुप्ता अपनी संपत्ति दोनों बेटों में बराबर-बराबर बांटना चाहते थे। इसी बात को लेकर घर में लगातार कलह होती थी और मामला दीवानी अदालत (Civil Court) तक भी पहुंच गया था, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका।
मिर्च पाउडर डालकर गिराया, फिर सिर पर किए फावड़े के डंडे से वार
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी बहू शोभा गुप्ता ने एक खौफनाक साजिश रची। उसने संपत्ति बंटवारे पर अंतिम बातचीत के बहाने ससुर सच्चाराम को अपने घर बुलाया। वहां पहले से ही रमेश गुप्ता और एक कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे। बातचीत के दौरान जैसे ही कहासुनी बढ़ी, शोभा गुप्ता ने अचानक ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। जलन से तड़पकर जैसे ही सच्चाराम जमीन पर गिरे, दोनों साथियों ने उन्हें कसकर पकड़ लिया। इसके बाद शोभा ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से ससुर के सिर पर कई घातक वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
शव को घसीटकर खाली प्लॉट में फेंका, 4 घंटे में पुलिस ने दबोचा
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात पर पर्दा डालने की कोशिश की। कथित डॉक्टर धनई यादव ने जब सच्चाराम की मौत की पुष्टि कर दी, तो सभी आरोपी रात के अंधेरे का इंतजार करने लगे। इसके बाद उन्होंने श्रीकांत चौहान नाम के एक अन्य व्यक्ति को बुलाया और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव का चेहरा कपड़े से बांधकर उसे घसीटते हुए घर के बाहर एक खाली प्लॉट में फेंक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फरेंदा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। महराजगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) सोमेंद्र मीना ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 4 घंटे के भीतर पूरी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू शोभा गुप्ता, रमेश गुप्ता, धनई यादव और श्रीकांत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आला कत्ल (हत्या में इस्तेमाल फावड़े का डंडा) और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














