
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक रूह कंपा देने वाली वीभत्स वारदात सामने आई है, जिसने पूरे सूबे की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित समद नगर इलाके में एक 28 वर्षीय युवक जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर कुल्हाड़ी से सरेआम ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक के दोनों हाथों को कलाई से काट डाला और पैरों को भी लहूलुहान कर दिया। इस दुस्साहसिक खूनी खेल का सीधा आरोप सत्ताधारी दल बीजेपी के नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके साथियों पर लगा है। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव है और घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
चंदेल पेट्रोल पंप के सामने घेराबंदी कर किया जानलेवा हमला
यह पूरी खौफनाक घटना महोबा शहर कोतवाली इलाके में मंगलवार की रात घटित हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, समदनगर मोहल्ले का रहने वाला 28 साल का जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की रात के समय चंदेल पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में तेल डलवाने गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे अचानक चारों तरफ से घेर लिया।
जब तक विक्की अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग पाता या कुछ समझ पाता, हमलावरों ने कुल्हाड़ी से उस पर बैक-टू-बैक कई वार कर दिए। हमला इतना बर्बर था कि विक्की के दोनों हाथ कटकर कलाई से लगभग पूरी तरह अलग हो गए। इसके अलावा उसके पैरों पर भी कुल्हाड़ी से वार किए गए और सिर पर धारदार हथियार के गहरे जख्म आए हैं। खून से लथपथ विक्की को तड़पता छोड़ आरोपी मौके से फरार हो गए।
सड़क पर बिखरा था खून, कटे हाथों को कपड़े से बांधती रही बेबस मां
वारदात के बाद का मंजर बेहद विचलित करने वाला था। युवक सड़क पर पड़े-पड़े दर्द से तड़प रहा था और उसका खून बह रहा था। राहगीरों की सूचना के बाद विक्की की मां बदहवास हालत में दौड़ती हुई मौके पर पहुंची। अपने लाडले की यह हालत देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई और वह रोते-बिलखते हुए विक्की के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधकर बहते खून को रोकने की बेबस कोशिश करने लगी।
इसी बीच सूचना मिलते ही यूपी डायल 112 की पीआरवी (PRV) टीम मौके पर पहुंची और विक्की को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के डॉक्टर शिशुपाल ने बताया कि युवक की हालत अत्यंत नाजुक है। उसके दोनों हाथ लगभग कटकर अलग हो चुके थे, जिन्हें मेडिकल सपोर्ट देकर बांधा गया है। सिर और पैरों में गहरे घाव होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत हायर सेंटर (रेफर) कर दिया गया है।
पुरानी रंजिश नहीं, सत्ता के रसूख में किया खूनी खेल: पीड़ित परिवार
इस वारदात में बीजेपी नेता का नाम सामने आने के बाद महोबा के सियासी और प्रशासनिक हल्कों में हड़कंप मच गया है। घायल विक्की के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने साफ तौर पर कहा कि इस जानलेवा हमले के पीछे उनके ही मोहल्ले का रहने वाला बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके गुर्गे शामिल हैं।
विक्की के भाई आलोक सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी बीजेपी नेता से उनकी कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं थी, बल्कि उसने महज सत्ता के रसूख और अपनी दबंगई दिखाने के लिए इस वीभत्स कांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं।
मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में, एएसपी ने दी जानकारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महोबा पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) वंदना सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “पीआरवी के माध्यम से कोतवाली नगर क्षेत्र के समदनगर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास मारपीट और जानलेवा हमले की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल विक्की ठाकुर (पुत्र राजाबाबू सिंह, निवासी सुभाष नगर) को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे रेफर किया गया है।”
एएसपी ने आगे बताया कि इस खूनी वारदात में एक पूर्व परिचित व्यक्ति की संलिप्तता खुलकर सामने आई है, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है और कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है।











