मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नई नवेली दुल्हन शादी के महज 13 दिन बाद ही अपने पति और ससुराल को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई। इस घटना ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। मंगलवार को जब यह मामला थाने पहुंचा, तो घंटों चली पंचायत के बाद पति-पत्नी के रिश्ते का अंत तलाक के साथ हुआ।
गहने और नकदी समेटकर हुई थी फरार
जानकारी के मुताबिक, पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक की शादी बीते 9 अप्रैल को धूमधाम से हुई थी। घर में नई दुल्हन के स्वागत की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि शादी के 13वें दिन यानी 22 अप्रैल की रात दुल्हन घर में रखे कीमती जेवर और नकदी समेटकर अचानक लापता हो गई। पत्नी के गायब होने से परेशान पति ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाने में बोली दुल्हन- ‘प्रेमी के साथ ही रहूंगी’
पुलिस लगातार महिला की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस ने उसे पाकबड़ा के ही एक टेंपो स्टैंड के पास से बरामद कर लिया। जैसे ही महिला को थाने लाया गया, उसके पीछे-पीछे उसका प्रेमी भी वहां पहुंच गया। खबर मिलते ही पति और ससुराल पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। पुलिस और परिजनों के सामने दुल्हन ने दो टूक शब्दों में कह दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं, बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है और उसी के साथ अपनी जिंदगी बिताएगी।
पंचायत के बाद हुआ ‘ऑन द स्पॉट’ फैसला
थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पंचायत चली। परिजनों ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार, अपनी बेइज्जती और पत्नी की जिद को देखते हुए पति ने उसे तलाक देने का फैसला किया।
भविष्य में कानूनी कार्रवाई न करने का समझौता
घंटों चले ड्रामे के बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ। इसमें साफ किया गया कि महिला अब अपने प्रेमी के साथ रहेगी और दोनों पक्ष भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे। इस समझौते के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई और 13 दिन पहले शुरू हुआ यह वैवाहिक रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया।











