
- पुलिस ने आला कत्ल तमंचा व कारतूस के साथ दबोचा
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीना के निर्देशन में फतनपुर पुलिस को 23 जनवरी 2021 को थानाक्षेत्र फतनपुर के सुरूवा मिश्रपुर गांव में हुई एक युवती की हत्याकाण्ड का सफल अनावरण करते हुये सम्बन्धित अभियुक्त महेन्द्र पटेल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल अवैध तमन्चा व कारतूस बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त महेन्द्र पटेल पुत्र कमला प्रसाद नि0 भुजैनी थाना फतनपुर का है।
बता दें कि 23 जनवरी 2021 की सुबह थाना क्षेत्र फतनपुर के ग्राम सुरूवा मिश्रपुर में एक गन्ने के खेत की मेड़ पर गांव के ही एक युवती सुनीता पटेल उम्र करीब (20) वर्ष का शव पाया गया था, जिसके सर पर चोट के निशान थे। इस सम्बन्ध में मृतका के पिता वादी अमर बहादुर पटेल की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों से अभियुक्त महेन्द्र पटेल पुत्र कमला प्रसाद पटेल नि0 भुजैनी थाना फतनपुर जनपद प्रतापगढ़ का नाम प्रकाश में आया। प्रभारी निरीक्षक फतनपुर गणेश प्रसाद सिंह मय हमराह द्वारा गुरुवार को थाना क्षेत्र फतनपुर के खाखापुर तिराहा के पास से उक्त अभियुक्त महेन्द्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त महेन्द्र पटेल उपरोक्त ने बताया कि सुनीता पटेल (मृतका) से मेरा काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
कुछ समय से सुनीता पटेल (मृतका) मुझसे पैसे की मांग करती थी, मेरे द्वारा तीन-चार बार कुछ पैसा उसे दिया भी गया था। इसी कारण हम दोनो के बीच विवाद हो गया था और मै उससे अपना पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिये मैने योजना बनाकर दिनांक 22/23 जनवरी की रात्रि को पैसे देने के बहाने सुनीता पटेल (मृतका) को उसके गांव के पास स्थित गन्ने के खेत के पास बुलाया व अपने पास रखे तमन्चे से उसके सर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।












