
-तीन बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने लूट की अंजाम देकर हुए फरार
-दो थानों की पिकेट लगे होने के बावजूद बदमाश हुए फरार
-एसपी दक्षिणी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने असलहा सटाकर मेडिकल स्टोर संचालक से सात लाख रूपये लूटकर फरार हो गए। मेडिकल स्टोर संचालक जयप्रकाश यादव ग्राम छितौना का रहने वाला है। वह बाड़ी तरयां से रूपया लेकर कहीं देने जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के विरूद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही।

गोला संवाददाता के अनुसार छितौना गांव निवासी जयप्रकाश यादव का भर्रोह चौराहे पर मेडिकल स्टोर है। वह बुधवार सुबह करीब छह बजे बाइक से मेडिकल स्टोर जा रहा था।
अभी भर्रोह पहुंचने से पहले ही नहर पुलिया स्थित बुढिया बाग के सामने पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रस्सी बांध उसे गिरा दिया और फिर उसे असलहा सटाकर उसके गले में लटके बैग को लूटकर फरार हो गए। पीड़ित जयप्रकाश के मुताबिक बैग में सात लाख रूपया था।
जो बाड़ी तरयां के रहने वाले एक प्रभावशाली व्यक्ति से लेकर कहीं देने के लिए जाना था। वह बैग को आगे गले में टांगकर लेकर बाइक से जा रहा था, तभी बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि रुपया हुंडी कारोबार से जुड़ा हुआ है। पीडित के अनुसार सभी लुटेरों ने मफलर से चेहरा छुपाया हुए थे। बदमाश घटना को अंजा देने के बाद छितौना-वाड़ी तरयां की तरफ भाग निकले। पीड़ित जय प्रकाश ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। उनकी सूचना पर पुलिस भी एक्टिव हो गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी गोला श्याम देव बिंद, प्रभारी निरीक्षक गोला संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गये। बाद में पुलिस टीम जय प्रकाश को लेकर कई किलोमीटर तक उस दिशा में गई, जिस तरफ बदमाश गए हुए थे।
मामले का जल्द ही होगा खुलासा
पीड़ित जय प्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पीड़ित का बयान के बयान में विविधिता होने के कारण मामला संदिग्ध लग रहा। वैसे पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-अरूण कुमार सिंह, एसपी दक्षिणी










