
-सुबह टहलते हुए घर से जिम जा रहा था ट्रांसपोर्टर
-घर से कुछ ही दूरी पर कैंट थाने के पीछे हुई घटना
गोरखपुर। शहर में शुक्रवार की सुबह बदमाशों ने कैंट थाना प्रभारी के आवास के सामने ट्रांसपोर्टर को चाकू घोंप सनसनी फैला दी। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश दाउदपुर चौराहा की तरफ फरार हो गए। ट्रांसपोर्टर के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस के साथ ही घरवालों को दी। घायल ट्रांसपोर्टर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। जहां उनकी स्थित गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दाउदपुर काली मंदिर के पास रहने वाले ट्रांसपोर्टर इंद्रपाल सिंह शुक्रवार की सुबह छह बजे पैदल मोहल्ले में स्थित जिम जा रहे थे। घर से 500 मीटर दूर कैंट थाने के पीछे पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने थानेदार आवास के सामने चाकू से गर्दन और कान के नीचे हमला कर दिया। वारदात के बाद बदमाश दाउदपुर चौराहा की तरफ भाग गए। हमले में घायल हुए इंद्रपाल सड़क पर गिर गए। उनकी चीख- पुकार सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने कैंट थाने जाकर घटना की जानकारी दी। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मी भागते हुए मौके पर पहुंचे। खबर मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय, पैडलेगंज चौकी प्रभारी कमलेश यादव और ट्रांसपोर्टर के बड़े भाई यशपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। अपनी गाड़ी से उन्हें तारामंडल स्थित शाही ग्लोबल हास्पिटल ले गए। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
ट्रांसपोर्टर के घरवालों ने किसी के साथ दुश्मनी होने से इन्कार किया है।
सीसी फुटेज की हो रही पड़ताल
कैंट पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम दाउदपुर काली मंदिर से लेकर घटनास्थल के बीच लगे सीसी कैमरे की छानबीन कर रही है। माना जा रहा है कि चाकू से हमला करने वाला बदमाश घर से ही इंद्रपाल का पीछा कर रहा था। थानेदार आवास के सामने मौका मिलते ही उनके ऊपर हमला कर दिया।
पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया दिया गया है। सीसी कैमरे की छानबीन के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
-सुमित शुक्ल, सीओ कैंट










