मौसम अलर्ट : गुजरात में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, यहाँ पढ़े ताजा अपडेट

अहमदाबाद. राज्य में रविवार सुबह तक मौसम की 74.51 फीसदी मौसम की बारिश हो चुकी है। हालांकि रविवार को बारिश के जोर में कमी आई है। राज्य की 33 तहसीलों में मौसम की 40 इंच से अधिक पानी गिर चुका है।


मौसम विभाग के अनुसार पिछले 30 वर्षों में हुई बारिश के आधार पर प्रति वर्ष 840 मिलीमीटर बारिश का औसत रहा है। इस मौसम में अब तक 626 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो 74.51 फीसदी है। राज्य की कुल 251 तहसीलों में से 33 में मौसम की 40 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। 111 तहसीलों में 20 इंच से अधिक और 40 इंच से कम वहीं 98 तहसीलों में 10 इंच से अधिक और 20 इंच से कम बारिश हुई है। नौ तहसील ही ऐसी हैं जहां दस इंच से कम और पांच इंच से अधिक बारिश हुई है। रविवार सुबह छह बजे पूरे हुए 24 घंटे में प्रदेश की 101 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई इनमें से दाहोद जिले की फतेहपुरा तहसील में सबसे अधिक लगभग साढ़े तीन इंच (85 मिलीमीटर) बारिश हुई। इसके साथ ही सितम्बर माह के 19 दिनों में राज्य में साढ़े दस इंच (263 मिलीमीटर) औसत बारिश हो गई। सबसे कम अगस्त माह में मौसम की ढाई इंच के आसपास बारिश हुई जबकि जून माह में पांच इंच के करीब और जुलाई माह में सात इंच के आसपास बारिश हुई।

बारिश का जोर हुआ कम
राज्य में रविवार सुबह से शाम तक बारिश का जोर कम हुआ है। आठ तहसीलों में ही एक इंच से अधिक बारिश हुई है। इनमें से खेड़ा जिले की गलतेश्वर, पंचमहाल की हालोल तथा घोघांबा तहसील में डेढ़-डेढ़ इंच बारिश हुई। पांच तहसीलों में एक इंच से लेकर सवा इंच तक बारिश हुई। अन्य 81 तहसीलों में एक मिलीमीटर से लेकर 20 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। पिछले दिनों की तुलना में राज्य में बारिश का जोर कम हुआ है।


बारिश के चलते राज्य में 33 मार्ग अभी भी बंद
प्रदेश के विविध भागों में बारिश के चलते रविवार को भी 33 मार्ग बंद हालत में रहे। इनमें तीन स्टेट हाइवे और 29 पंचायत अधीन मार्ग हैं। बंद मार्गों में सबसे अधिक नौ राजकोट जिले के हैं। इसके अलावा पोरबंदर में छह, जूनागढ़ जिले में पांच, जामनगर में चार, भावनगर में तीन, दाहोद एवं अमरेली में दो-दो तथा वडोदरा और सुरेन्द्रनगर जिले में एक-एक मार्ग बंद हैं।


अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुजरात के विविध भागों में अगले चार दिनों तक भारी से भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। सोमवार को पाटण, महेसाणा, साबरकांठा, अरवल्ली, दाहोद, महिसागर, कच्छ एवं सौराष्ट्र के कुछ भागों में भारी बारिश संभव है। जबकि सौराष्ट्र कच्छ के कुछ भागों में 40 से 60 प्रति घंटे की गति से हवाओं के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को खेड़ा, वडोदरा के अलावा बनसकांठा, पाटण, महेसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरवल्ली, अहमदाबाद, पंचमहाल, महिसागर, छोटा उदेपुर, नर्मदा, सूरत, नवसारी, वलसाड, भावनगर एवं बोटाद में भारी बारिश संभव है। जबकि अगले दो दिनों में भी कुछ भागों में भारी बारिश हो सकती है।

खबरें और भी हैं...