कानपुर : शिकायत पर हुई तुरंत कार्रवाई की तो पकड़ गए शातिर चोर

अभिषेक त्रिपाठी
कानपुर। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र स्थित झकरकटी इंटरस्टेट बस अड्डे से शुक्रवार को दो शातिर मोबाइल चोरों को धर दबोचा गया। बाबूपुरवा थानाध्यक्ष अजय नारायण के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज ने शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की और परिणाम स्वरूप शातिर उनके हत्थे चढ़ गए।
चौकी इंचार्ज एसएन शुक्ला ने बताया कि गुरुवार की शाम को बस अड्डे पर एक मुसाफिर का मोबाइल चोरी हो गया। मुसाफिर ने चौकी पर कंप्लेंट दर्ज करवाई। चौकी इंचार्ज ने मुखबिरों को लगाया। अगले दिन शुक्रवार की सुबह ही मुखबिर ने बस अड्डे के पश्चिमी छोर पर दो शातिर गिरहकट व चोर, कंघी मोहाल निवासी
मोहम्मद शमीम और मोहम्मद नौशाद को देखे जाने की सूचना दी।
 चौकी इंचार्ज एसएन शुक्ला के अनुसार उन्होंने सूचना के बाद तुरंत एचसी आत्माराम और कांस्टेबिल संदीप यादव को लेकर बस अड्डे पर छापा मारा। वहां से दोनों शातिरों को दौड़ा कर पकड़ लिया गया। दोनों के पाश चार-चार, कुल आठ मोबाइल हैंडसेट बरामद हुए, जो इन्होंने यात्रियों के जेबों या सामान से पार किये थे। दोनो को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। बस अड्डा अधिकारियों के अनुसार पुलिस की तेज कार्रवाई से उम्मीद है बस अड्डे पर मुसाफिरों के साथ चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

खबरें और भी हैं...