
-मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने जैन समाज की भावना को लेकर लिया निर्णय
अहमदाबाद, 7 जनवरी (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने जैन समाज की पालीताणा तीर्थ क्षेत्र के संबंध में आहत भावनाओं को लेकर 8 सदस्यीय उच्चस्तरीय टास्क फोर्स की रचना की है। यह टास्क फोर्स जैन समाज की मांगों, सुझावों समेत विभिन्न मुद्दों के निराकरण में भूमिका निभाएगा। टास्क फोर्स भावनगर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बनाई गई है। इसके अन्य सदस्यों में भावनगर रेंज आईजी, भावनगर जिला पुलिस अधीक्षक, उप वन संरक्षक, खनन अधिकारी, जिला जमीन निबंधक निरीक्षक और पालीताणा नगर पालिका के चीफ ऑफिसर का समावेश किया गया है। इसके अलावा टास्क फोर्स के सदस्य सचिव के तौर पर सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट पालीताणा भूमिका निभाएंगे।
यह है मामला
गुजरात में भावनगर जिले के पालीताणा में जैन मंदिर में तोड़फोड़ से नाराज जैन समाज ने पालिताणा, सुरेंद्रनगर, सूरत, अहमदाबाद में विशाल रैली निकाली। जैन मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के पोल को तोड़ने और चरण पादुका निशान को तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग को देश भर के जैन संगठन आक्रोशित हैं। गिरनार पर्वत पर स्थित नीलकंठ मंदिर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का शिव मंदिर के पुजारी समेत अन्य लोगों ने विरोध किया था। इसके बाद कुछ लोगों ने सीसीटीवी कैमरे के लिए लगाए पोल और बैनर आदि हटा दिए थे। इसके बाद जैन समाज में आक्रोश फैल गया। इस घटना के विरोध में देश के अलग-अलग राज्यों के जैन समाज के संगठनों ने पालीताणा की तलहटी में धर्मसभा का आयोजन किया, फिर बाद में रैली निकाली गई।










