
सरूरपुर खुर्द विद्युत विभाग के उपखंड कार्यालय पर किसानों ने किया प्रदर्शन
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।सरधनासरूरपुर खुर्द में विद्युत विभाग के उपखंड कार्यालय पर भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। भाकियू पदाधिकारी व किसानों ने ट्यूबवैल, नलकूप पर मीटर लगाए जाने का विरोध किया। एसडीओ सरधना कुमार अनिकेत ने किसानों के बीच पहुंचकर धरना दे रहे लोगों को समझाया। किसानों ने अधिकारी के आश्वासन पर ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया।
किसानों का कहना था, बिजली विभाग ने भूनी गांव में बगैर सूचना दिए किसानों के नलकूपों पर मीटर लगा दिए। इसकी सूचना भारतीय किसान यूनियन नेताओं को लगी, उन्होंने इसका विरोध करते हुए किसानों के साथ सरूरपुर खुर्द विद्युत उपखंड कार्यालय पर धरना देकर बैठ गए। भाकियू टिकैत उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल, एनसीआर महासचिव मनोज त्यागी ने विद्युत अधिकारियों से बात की और कहा कि हम मीटर नहीं लगने देंगे। उन्होंने कहा, धरना शुरू किया जाता है, इसको लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर विद्युत उप कार्यालय पहुंचे। भाकियू नेताओं ने कहा कि किसानों की सहमति के बगैर ही मीटर क्यों लगाए जा रहे हैं? इसको लेकर सरधना के एसडीओ ने किसानों को समझाया, किसान नहीं माने।
बिजली फ्री तो फिर मीटर का क्या मतलब?
भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन इसका विरोध करती हैं। उन्होंने कहा, भाजपा ने वादा किया था और घोषणा पत्र में कहा था कि हम मुफ्त में बिजली देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि मुफ्त में बिजली है तो मीटर का क्या मतलब है?
एसडीओ ने कहा, जमा होंगे विद्युत मीटर
इसके बाद एसडीओ ने किसानों को समझाया मीटर जमा करवाएं, तब जाकर किसान शांत हुए। इस अवसर पर अशफाक प्रधान जैनपुर, उपेंद्र प्रधान भाराला, मिंटू दौरालिया, कांबोज, मोनू, ऋषि पाल सरूरपुर आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।













