
–दस लाख रुपये में खरीदी गई परुणिका, गांव डोला का किया नाम रोशन
भास्कर समाचार सेवा मेरठ। महिला आईपीएल में जनपद की महिला खिलाड़ी परुणिका सिसोदिया को गुजरात जाएंट्स ने दस लाख रुपये में खरीदा है। परुणिका ने बतौर गेंदबाज में टीम में अपनी जगह बनाकर जनपद ही नहीं गांव का नाम भी रोशन किया है। परुणिका अभी 11वीं की छात्रा है। उनके कोच अतहर अली ने बताया, परुणिका बचपन से ही क्रिकेट की ओर रूझान रहा है। एक दिन वह भारतीय टीम में खेलेगी।
एसएसवी इंटर कॉलेज मुरलीपुर के प्रबंधक प्रभु दयाल सिसोदिया की पौत्री परुणिका सिसोदिया ने महिला आईपीएल में बतौर गेंदबाज गुजरात जायंट्स टीम में अपनी जगह बनाकर परिवार और गांव डौला का नाम रौशन कर दिया। परुणिका दिल्ली के भारत नेशनल पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उनके पिता सुधीर सिंह सिसोदिया भी क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं, जिससे परुणिका का बचपन से ही खेल की तरफ रूझान रहा है। पहले टेनिस से अपनी क्षमता दिखायी, फिर क्रिकेट को अपना लक्ष्य बनाया। यहां तक पहौचने के लिए उन्होंने आरपीसीए अकादमी दिल्ली में दिन-रात मेहनत की। शनिवार-इतवार जब भी वे मेरठ आती है करण पब्लिक स्कूल में कोच अतहर अली के साथ अभ्यास करती हैं और खेल को बेहतर करने की प्रेरणा लेती है।
एक नजर में परुणिका का प्रदर्शन
- 14 साल की उम्र में दिल्ली की ओर से स्टेट अंडर-19 दिल्ली टीम में चयन हुआ, जहां उन्होंने 17 विकेट लेकर देश में गेंदबाजी में आठवें स्थान पर रही।
- वर्ष 21-22 में अंडर-19 और सीनियर टीम में पुन: चयनित हुई, जहां सीनियर टीम में 14 विकेट लेकर देश में दूसरे स्थान पर रही।
- 22-23 में अंडर-19 टी-20 में 11 विकेट लिए और अंडर-19 इंडिया-बी टीम में उनका चयन हुआ। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के विरुद्ध 3 मैच में 5 विकेट लेकर श्रंखला में तीसरे स्थान पर रही। अंडर-19 टी-20 विश्व कप के लिए प्रबल दावेदारी जताई, परंतु वर्ल्डकप की टीम में चयन ना होने से थोड़ी निराश हुई।
- जनवरी-2023 में होने वाली सीनियर महिला एक दिवसीय टूर्नामेंट में 21 विकेट लेकर देश में पहले स्थान पर रहीं।
- वर्तमान में हो रही सीनियर वन-डे जोनल टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन की टीम में चयनित होकर हैदराबाद में खेल रही हैं।
ये हैं गुजरात जाएंट्स की महिला टीम
एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, सोफिया डंकले, एनाबेल सदरलैंड, हरलीन देओल, डियांड्रा डॉटिन, स्नेह राणा, एस मेघना, जॉर्जिया वेयरहम, मानसी जोशी, डी हेमलता, तनुजा कंवर, मोनिका पटेल, सुषमा वर्मा, हर्ली गाला, अश्विनी कुमारी, परुणिका सिसोदिया, शबनम शकील।













