
विकास खंण्ड जसराना में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
भास्कर समाचार सेवा
फिरोजाबाद । फिरोजाबाद विकास खंण्ड जसराना में कौमी एकता की उस समय झलक दिखाई दी, जब एक तरफ वेद मंत्रों तथा दूसरी ओर निकाह कबूल के स्वर गूंजने लगे। शासन के निर्देश पर विकास खंण्ड जसराना द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 38 जोड़ों ने जीवनभर साथ निभाने के लिए एक दूसरे का हाथ थामा। जीवनसाथी बनने में मुस्लिम समाज के दो जोड़े भी शामिल थे जिनको मौलवियों द्वारा निकाह कबूल कराया गया।
विवाह समारोह के मुख्य अतिथि जसराना की ब्लॉक प्रमुख संध्या राजपूत के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए वर एवं वधू पक्ष के लोग सुबह 10 बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। विकास खण्ड द्वारा शादी समारोह की रस्म से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। एक तरफ सात फेरे तो दूसरी तरफ निकाह पढ़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कार्यक्रम के दौरान 36 हिंदू जोड़े और 2 मुस्लिम जोड़ों को जीवनसाथी बनाने का कार्य किया गया।
इसके पश्चात सभी नवविवाहित जोड़ों ने मंच पर एक दूसरे को जयमाला डाली। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि गरीब बेटियों की शादियों में अब पैसे संबंधी कोई समस्या सामने नहीं आए इसलिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है कि प्रत्येक महीने इस तरह के आयोजन किए जाएं ताकि वंचित लोगों को इसका लाभ मिल सक।कार्यक्रम में उपस्थित सतीश यादव, शैलेंद्र कुमार ,सुनील कुमार, एडीओ समाज कल्याण विनय यादव के अलावा कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे।













