
भास्कर समाचार सेवा
सिरसागंज। हिंदू जागरण मंच की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा वैलेंटाइन डे का विरोध करते हुए उसकी जगह मातृ पितृ पूजन दिवस मना कर मना कर बच्चों को पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहने को प्रेरित किया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
क्षेत्र गांव किसरांव प्राथमिक विद्यालय पर हिंदू जागरण मंच ने वैलेंटाइन डे की जगह मातृ पितृ पूजन दिवस मनाया। इसके बाद पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। नगर सिरसागंज क्षेत्र में जहां
मंगलवार को युवाओं द्वारा पश्चिमी सभ्यता का प्रतीक वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा है वहीं हिंदू जागरण मंच की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र के गांव किसराव प्राथमिक विद्यालय में 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे की जगह मातृ पितृ पूजन दिवस आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के बच्चों ने अपने माता-पिता को तिलक लगाकर चरण वंदन करते हुए उनसे आशीर्वाद लिया। वहीं माता-पिता द्वारा अपने अपने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए गले लगाकर आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच की जिला सह संयोजक आशा पोरवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज को एक नई दिशा प्रदान करता है और इससे बच्चों का भविष्य संवरेगा। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चों को पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहकर माता-पिता की पूजा कर उनका आशीर्वाद लेने की आवश्यकता है न कि वैलेंटाइन डे मनाने की। उनके द्वारा उपस्थित सभी से अपील की गई कि 14 फरवरी को मातृ पितृ दिवस के रूप में मनाएं और पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहें। इस दौरान विद्यालय के समस्त बच्चे व उनकी माताएं मौजूद रहीं। वहीं आयोजित मातृ पितृ पूजन दिवस कार्यक्रम के उपरांत हिंदू जागरण मंच की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच की जिला सह संयोजक आशा पोरवाल, दीप्ति सक्सेना, अमिता पोरवाल, रंजना सिंह, मनोज जादौन, साक्षी चौहान, सीमा यादव, सरोज कुमारी, अर्चना यादव सहित आदि लोग उपस्थित रहे।














