
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा : अपनी मांगों को लेकर शुरू हुआ बिजली कर्मचारियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है। तब तक वह कार्य पर नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि रविवार शाम तक उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो वह पूरे जिले में अंधेरा कर देंगे। बिजली सप्लाई को बंद कर देंगे। बिजलीकर्मियों के आंदोलन की वजज से दर्जन भर से अधिक गांवों में अंधेरा छाया हुआ है।
शनिवार को कैंट कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे बिजली कर्मचारियों का कहना है कि वह सरकार से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है। वह किसी भी कार्रवाई के डर की वजह से अपने आंदोलन को अधर में नहीं छोड़ेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश स्तर के पदाधिकारी उनके लगातार संपर्क में है। जब तक सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाती। तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के कर्मचारियों का कहना है कि अब सरकार पूर्व में किए गए समझौते से पीछे हट रही है। कर्मचारियों ने बताया कि वह सरकार को पूर्व में समय दे चुके हैं। अब सरकार को सिर्फ हमारी मांगों को अमलीजामा पहनाना है। वार्ता भी पूर्व में कई बार हाे चुकी है। कैंट कार्यालय पर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वह सरकार ने पूर्व में दो सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन अब सौ से अधिक दिन बीत चुके हैं। कार्य बहिष्कार के दौरान इंजी. सचिन द्विवेदी, सचिन शर्मा, प्रमोद कुमार, यादवेंद्र, राकेश यादव, विजय कुमार, कृष्णवीर सिंह, गणेश तोमर, रामकुमार सुनील सिंह, अजीत सिंह, सुधीर कुमार, शुभम अग्रवाल, सत्येंद्र कुमार मौर्य, राहुल साहू, मनीष प्रजापति, दानवीर सिंह सहित अन्य कर्मचारी व अधिकारी मौजूद थे।













