15 दिनों तक आप चलाएगी सदस्यता अभियान: सोमेंद्र ढाका

उप्र के 10 जनपदों से मेरठ आए जिलाध्यक्ष व निकाय चुनाव प्रभारियों के साथ सोमेंद्र ढाका ने की समीक्षा बैठक

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।
आम आदमी पार्टी अल्पसंख्यक विंग के पउप्र अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका व प्रदेश अध्यक्ष शकील मलिक ने रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 10 जनपदों से आए जिला अध्यक्ष व निकाय चुनाव प्रभारियों के साथ बैठक कर सभी को निर्देशित किया, तत्काल संगठन को चुस्त दुरुस्त कर वार्ड स्तर पर साफ-सुथरी छवि के प्रत्याशियों का चयन कर सदस्यता अभियान चलाए। नगर पंचायत के वार्ड में 100, नगर पालिका के वार्ड में 500, नगर निगम के वार्ड में 1000 सदस्य बनाए जाएंगे। सभी जिला अध्यक्ष अपनी जिला इकाई के साथ इस काम में तत्काल जुट जाएं।

प्रेसवार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी अल्पसंख्यक विंग के पउप्र अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका व प्रदेश अध्यक्ष शकील मलिक ने कहा, निकाय चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी, निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी विजयी होता है तो हम हाउस टैक्स हाफ और वॉटर टैक्स माफ करेंगे, साथ ही शहर में सफाई की उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा, देश की जनता ने प्रधानमंत्री के चुनाव में नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के चुनाव में योगी आदित्यनाथ को मौका दिया, क्योंकि निकाय चुनाव का मुख्य मुद्दा साफ़ सफ़ाई का होता है, जिसे झाड़ू वाले ही कर सकते है। हमारा चुनाव चिन्ह ही झाड़ू है, इसलिए हमें पूरा भरोसा है कि इस चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ‘आप’ को मौका देगी। इस मौके पर फरमान अंसारी, चौधरी रामबीर सिंह, जसबीर सिंह, लियाकत, जीएस राजवंशी, इंतजार, अनमोल कोरी, ओमदत्त त्यागी, संजय गुप्ता, मोहम्मद शहजाद, शोएब, चौधरी राहुल भाटीपुरा, यासीन मलिक, तरीकत पवार, हबीब अंसारी आदि मौजूद रहें।

जिला अध्यक्ष अकुंश चौधरी ने कहा, आज देश की जनता अरविंद केजरीवाल के सिद्धांतों से अत्यधिक प्रभावित है और यही कारण है कि दिल्ली की जनता ने तीन बार अरविंद केजरीवाल को चुना, क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री केजरीवाल का शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, यातायात, बिजली-पानी का मॉडल पसंद आया और इन्हीं मुद्दों पर जनता ने पंजाब की कमान भी आम आदमी पार्टी को सौंप दी।

खबरें और भी हैं...