निरीक्षण के बाद सिंचाई विभाग मंत्री ने की अधिकारियों से बैठक

विधायकों की शिकायतों पर तत्काल समाधान के निर्देश

भास्कर समाचार सेवा

बुलन्दशहर। सिंचाई विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को 10 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नहर के मूंडाखेड़ा घाट और इनसुलेटर के निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंत्री रात करीब साढ़े सात बजे बुलन्दशहर के वलीपुरा स्थित गेस्ट हाउस पर पहुंचे। जहां मंत्री ने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति को लेकर रिपोर्ट तलब की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विधायकों की शिकायतों का तत्काल समाधान कराने के लिए कदम उठाएं। निर्माणाधीन परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि निर्माण कार्य में कोई लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इससे पहले सिकंदराबाद स्थित टोल प्लाजा पर भाजपा प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया, विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने स्वतंत्र देव सिंह का जोरदार स्वागत किया। वलीपुरा स्थित गेस्ट हाउस पर बैठक के दौरान विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक सीपी सिंह, पूर्व विधायक मुंशील लाल गौतम, जिला महामंत्री अजय त्यागी, दिनेश कुमार धन्नू, हितेश गर्ग और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।सनद रहे कि समाचार लिखे जाने तक मंत्री और अधिकारियों की बैठक जारी रही।

खबरें और भी हैं...