बिजली का करंट लगने से दो दुकानदारों की मौत

भास्कर समाचार सेवा

साहिबाबाद। थाना इंदिरापुरम क्षेत्र के शक्ति खंड प्रथम में बिजली का करंट लगने से दो दुकानदारों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय निवासी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह नो बजे के करीब जब बरसात बंद हो गई थी नकुल अपनी सब्जी की दुकान खोलने आया था। सटर उठाते समय उसे करंट लग गया जिससे उसकी चीख निकली। उसको बचाने के लिए उनका पड़ोसी जो फैंसी आइटम की दुकान करता है वह उसे बचाने आया उसे भी करंट लगा। करंट लगने से घायल दोनों की मौत हो गई। दोनों लोगों को उठाकर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि नकुल की उम्र करीब 22 साल है और अभी एक महीने पहले उसकी शादी हुई थी तथा सुरेश की उम्र करीब 45 साल थी। उनका मानना है कि सुबह हुई बरसात के कारण मार्केट में पानी भरा हुआ था और कहीं से बिजली का करंट उनके दुकान के शटर में आ गया, जिससे यह घटना हुई है। स्थानीय निवासी विशाल ने बताया कि दोनों दुकानदारों की मौत के कारण पूरे शक्ति खंड में सन्नाटा छाया हुआ है। पूरा बाजार शोक में डूबा हुआ है तथा बाजार बंद है। वे सभी लोग मृतक परिवारों के साथ उनकी मुसीबत में खड़े हैं। डीसीपी ट्रांस हिंडन क्षेत्र विवेक कुमार यादव ने बताया कि शक्तिखंड इंदिरापुरम में दो दुकानदारों को शनिवार की सुबह करंट लगने मौत हो गई है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि करंट किस वजह से लगा है।

खबरें और भी हैं...