UP Weather : लखनऊ समेत कई जिलों में घना कोहरा, बारिश और ओलों का अलर्ट

Lucknow : उत्तर प्रदेश में भीषण सर्दी ने अब पूरी तरह दस्तक दे दी है। रविवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को भी प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिला। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई बारिश का दायरा बुंदेलखंड, मध्यांचल और अवध क्षेत्र तक फैल गया, जिससे तापमान में गिरावट और ठंडक में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कई जिलों में बारिश, कहीं ओले भी गिरे

मंगलवार तड़के बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और रायबरेली में भी मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की सूचना मिली है। लखनऊ के कुछ हिस्सों और बीकेटी क्षेत्र में छोटे ओले गिरने की बात सामने आई, हालांकि आधिकारिक पुष्टि सीमित रही।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अवध क्षेत्र के कुछ जिलों में आज भी गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना बनी हुई है।

40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं

राजधानी लखनऊ समेत अवध के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलीं। तेज हवाओं और बारिश के कारण दिन के समय भी अंधेरा सा छा गया। सुबह करीब नौ बजे घने बादलों ने आसमान को ढक लिया, जिससे दिन में रात जैसा माहौल हो गया।

बारिश और हवाओं के चलते सड़कों पर निकले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग दुकानों की शेड और पेड़ों के नीचे रुकने को मजबूर हुए। जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बुधवार के लिए बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल सहित प्रदेश के 21 जिलों में घने से अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं।

अलीगढ़, आगरा, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक सिमट गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

तापमान में गिरावट, बुलंदशहर सबसे ठंडा

बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 5.9 डिग्री की गिरावट के साथ 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री गिरकर 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में बुलंदशहर 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं वाराणसी और गाजीपुर में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

हमीरपुर में सर्वाधिक 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि जालौन में 7.2 मिमी और लखनऊ में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने लगेगा और प्रदेश में मौसम शुष्क होने की संभावना है। हालांकि तराई क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा बना रह सकता है। रात के तापमान में हल्की गिरावट से ठंड और बढ़ने के संकेत हैं, जबकि दिन का मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की हिदायत दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

48 + = 58
Powered by MathCaptcha