होली पर घर जाने की टेंशन खत्म : लालकुआं से राजकोट के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन…इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव, देखें पूरा शेड्यूल

बरेली: होली के त्योहार पर ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी खुशखबरी दी है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने उत्तराखंड के लालकुआं से गुजरात के राजकोट के बीच साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा संचालित यह ट्रेन मार्च महीने में कुल पांच फेरे लगाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा फायदा होगा।

1 मार्च से शुरू होगा सफर, रविवार को भरेगी उड़ान

रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, गाड़ी संख्या 05045 लालकुआं-राजकोट होली स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 29 मार्च 2026 तक हर रविवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन लालकुआं स्टेशन से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05046 राजकोट-लालकुआं स्पेशल 2 मार्च से 30 मार्च तक हर सोमवार रात 10:30 बजे राजकोट से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह स्पेशल ट्रेन कई महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ेगी। यात्रा के दौरान यह किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, मेहसाणा, सुरेंद्रनगर और वांकानेर जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। लंबी दूरी की इस ट्रेन के चलने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से राजस्थान व गुजरात जाने वाले प्रवासियों को कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

20 कोचों के साथ दौड़गी ‘होली स्पेशल’

यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं। इसमें हर वर्ग के यात्रियों का ध्यान रखा गया है। ट्रेन में स्लीपर (शयनयान) श्रेणी के 11 कोच, जनरल के 4 कोच, एसी थर्ड के 2 कोच, एसी सेकंड का 1 कोच और एसएलआरडी के 2 कोच शामिल होंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

रेलवे की अपील: समय रहते करा लें रिजर्वेशन

इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों के अनुसार, होली पर उत्तराखंड और यूपी से बड़ी संख्या में लोग गुजरात और राजस्थान की ओर यात्रा करते हैं। ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से पहले ही यात्रियों को अग्रिम आरक्षण (Booking) कराने की सलाह दी गई है। इस ट्रेन के शुरू होने से बरेली और आसपास के जिलों के यात्रियों को भी दिल्ली जाए बिना गुजरात और राजस्थान के लिए सीधा विकल्प मिल गया है।



खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 1 = 1
Powered by MathCaptcha