कानपुर में खूनी खेल: पुरानी रंजिश में भाजपा नेता को चाकुओं से गोदा, भागते समय पीठ में मारी गोली…CCTV में कैद हुई रूह कंपा देने वाली वारदात

 

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी हैं। रावतपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया गया। दबंग हमलावर ने सरेराह भाजपा नेता को पहले चाकुओं से बुरी तरह गोदा और फिर भागते समय उनकी पीठ पर गोली मार दी। लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। यह पूरी सनसनीखेज वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

शादी समारोह से लौटते समय घात लगाकर हमला

नवाबगंज स्थित सिग्नेचर सिटी के निवासी सोनू राठौर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हैं। उनकी छपेड़ा पुलिया पर पूजन सामग्री की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर रात सोनू रावतपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वह अपनी दुकान होते हुए घर लौट रहे थे। जैसे ही वह छपेड़ा पुलिया के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे अभिषेक विश्वकर्मा ने अपने दो साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया।

ताबड़तोड़ चाकूबाजी और फिर दागी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, अभिषेक और सोनू के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान तैश में आए अभिषेक ने चाकू निकालकर सोनू पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जब घायल सोनू ने वहां से बचने की कोशिश की, तो हमलावर ने पीछे से उन पर गोली चला दी, जो उनकी पीठ में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दुकान के विवाद में रंजिश की आशंका

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सोनू को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो हमलावर अभिषेक और सोनू के बीच लंबे समय से एक दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई: मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

+ 89 = 96
Powered by MathCaptcha