कानपुर देहात: शिवली कोतवाली क्षेत्र के आरपीएस सिटी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने घर के तलघर (बेसमेंट) में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महज 3 महीने पहले ही युवती की शादी हुई थी। घटना के बाद से ही परिवार में चीख-पुकार मची है और खुशियां मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मायके वालों ने दी थी नसीहत, पर मन में था कुछ और
जानकारी के मुताबिक, शिवराजपुर मार्ग स्थित आरपीएस सिटी के पास रहने वाले सुधीर उर्फ गोलू की शादी बीते 5 दिसंबर को चौबेपुर के सरदारपुर निवासी राधा कुशवाहा के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी थी। शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद राधा के पिता रामगोपाल और भाई श्यामू उसे समझाने ससुराल आए थे। पिता और भाई के समझाने-बुझाने के बाद वे वापस लौट गए, लेकिन राधा के मन में चल रही उथल-पुथल शांत नहीं हुई।
घर में अकेली थी राधा, तलघर में लगाया मौत को गले
परिजनों ने बताया कि पिता के जाने के बाद पति सुधीर अपनी पान मसाला की दुकान पर चला गया। जेठ राजेश खेतों में गेहूं की सिंचाई करने गए थे और सास माया देवी उन्हें खाना देने खेत पर चली गईं। इसी बीच घर में अकेला पाकर राधा ने मकान के निचले हिस्से (बेसमेंट) में जाकर दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा बना लिया और उस पर झूल गई। जब सास खेत से वापस लौटीं और बहू का शव लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग, पुलिस को तहरीर का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही औनहां चौकी प्रभारी नरसिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












