लखनऊ (मोहनलालगंज)। राजधानी के मोहनलालगंज कोतवाली अंतर्गत सिसेंडी कस्बे में सोमवार शाम रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई। सिसेंडी पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक विधवा महिला और उसके दिव्यांग बेटे की निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों की दरिंदगी का आलम यह था कि महिला का शव निर्वस्त्र हालत में मिला, जबकि उसके इकलौते दिव्यांग बेटे की लाश पानी से भरे टब में डूबी मिली। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

‘दरवाजे पर किसी ने लात मारी…’ और कट गया फोन
दिल दहला देने वाली इस घटना का खुलासा एक फोन कॉल के जरिए हुआ। जानकारी के अनुसार, रेशमा बानो (45) अपने दिव्यांग बेटे शादाब (18) के साथ घर में रहती थीं। सोमवार शाम शादाब अपने बहनोई से फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान उसने बताया कि अम्मी बाहर मसाला लेने गई हैं। तभी अचानक शादाब ने घबराकर कहा— “कोई दरवाजे पर लात मार रहा है।” इतना कहते ही कॉल कट गया। अनहोनी की आशंका में जब बहनोई ने पड़ोसी को भेजा, तो अंदर का मंजर देख सबकी रूह कांप गई।

हैवानियत की हदें पार: चारपाई के नीचे मिली मां की लाश
पड़ोसियों और रिश्तेदारों के घर में दाखिल होते ही चीख-पुकार मच गई। रेशमा बानो का शव कमरे में चारपाई के नीचे निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था, जो उनके साथ हुई किसी बड़ी दरिंदगी की ओर इशारा कर रहा है। वहीं, दिव्यांग शादाब, जो खुद से चल-फिर भी नहीं सकता था, उसकी लाश बाथरूम में पानी से भरे एक बड़े टब में मिली। हमलावरों ने मां-बेटे को संभलने का मौका तक नहीं दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कोविड में पति को खोया, अब पूरा परिवार खत्म
परिजनों ने बताया कि रेशमा के पति इकबाल की मौत कोविड काल में हो गई थी। तब से मां-बेटा एक-दूसरे का सहारा बनकर रह रहे थे। घर में कोई और पुरुष सदस्य नहीं था, जिसका फायदा उठाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही एसीपी मोहनलालगंज और भारी पुलिस बल के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस चौकी से चंद कदम दूर वारदात, सुरक्षा पर सवाल
सिसेंडी चौकी के इतने करीब हुए इस डबल मर्डर ने पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लूटपाट, आपसी रंजिश या दुष्कर्म के प्रयास जैसे तमाम पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।














