शहबाज शरीफ की भारी ‘डिजिटल चूक’: एक्स पर लीक हुआ सीक्रेट ‘ड्राफ्ट’ संदेश, ईरान तनाव के बीच पाकिस्तान की हुई अंतरराष्ट्रीय किरकिरी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से बुधवार को एक ऐसी बड़ी गलती हुई, जिसने न केवल उनकी संचार टीम की पोल खोल दी, बल्कि वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान की कूटनीतिक गंभीरता पर भी सवाल खड़े कर दिए। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रधानमंत्री का एक संवेदनशील “ड्राफ्ट” मैसेज कुछ समय के लिए सार्वजनिक हो गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय गलियारों में हड़कंप मच गया।

‘ड्राफ्ट’ टैग के साथ पोस्ट हुआ प्रधानमंत्री का संदेश

हैरानी की बात यह रही कि पोस्ट की शुरुआत में ही बड़े अक्षरों में “ड्राफ्ट– पाकिस्तान पीएम मैसेज ऑन एक्स” लिखा हुआ था। यह साफ तौर पर इस बात का संकेत था कि यह संदेश अभी अप्रूवल की प्रक्रिया में था और इसे गलती से समय से पहले ही ‘पब्लिश’ कर दिया गया। हालांकि, सोशल मीडिया टीम ने चंद मिनटों में अपनी गलती सुधारते हुए ‘ड्राफ्ट’ वाला टैग तो हटा दिया, लेकिन तब तक इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट्स पूरी दुनिया में वायरल हो चुके थे।

ईरान तनाव और 2 हफ्तों के युद्धविराम की अपील

यह ‘लीक’ हुआ संदेश ऐसे नाजुक समय पर सामने आया है जब ईरान को लेकर वैश्विक राजनीति में भारी उथल-पुथल मची हुई है। पोस्ट में ईरान से जुड़े क्षेत्रीय तनाव के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम और कूटनीतिक शांति (Diplomatic Pause) की पुरजोर अपील की गई थी। संदेश का मूल उद्देश्य शांति की पहल करना था, लेकिन जिस तरह से यह अधूरी तैयारी के साथ सार्वजनिक हुआ, उसने पाकिस्तान की मंशा पर ही सवाल उठा दिए।

कूटनीतिक हलकों में हड़कंप: क्या पाकिस्तान गंभीर नहीं?

यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच अस्थाई संघर्ष विराम की दिशा में पर्दे के पीछे से बातचीत चल रही है। कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) जैसे संवेदनशील स्तर से इस तरह की चूक पाकिस्तान की संचार प्रणाली की कमजोरी को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस तरह की लापरवाही पाकिस्तान की कूटनीतिक साख को नुकसान पहुंचा सकती है, खासकर तब जब मामला युद्ध और शांति जैसे संवेदनशील विषयों से जुड़ा हो।

सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक, टीम पर गिरेगी गाज!

जैसे ही यह घटना वायरल हुई, विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने शहबाज शरीफ को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। जानकारों का कहना है कि इस “डिजिटल ब्लंडर” के बाद प्रधानमंत्री की सोशल मीडिया और कूटनीतिक टीम पर गाज गिरना तय है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार की ओर से इस तकनीकी चूक पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है, लेकिन इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को असहज स्थिति में जरूर डाल दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment