नासिक/मुंब्रा: महाराष्ट्र के बहुचर्चित नासिक TCS मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले मोड़ सामने आ रहे हैं। इस केस की मुख्य आरोपी और कंपनी की पूर्व असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) निदा खान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि, नासिक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की सक्रियता के बाद अब निदा की गतिविधियों को लेकर बेहद अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच में पता चला है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा पिछले दो महीनों से ठाणे के मुंब्रा इलाके में छिपकर रह रही थी।
14 अप्रैल की ‘मिस्ट्री वुमन’ और पति का दावा
मामले में तब नया मोड़ आ गया जब SIT की टीम मुंब्रा में निदा के पति के पास पहुंची। पूछताछ के दौरान पति ने दावा किया कि निदा खान 14 अप्रैल को ही घर छोड़कर जा चुकी है। पति के मुताबिक, उस दिन एक अज्ञात महिला घर आई थी और निदा उसके साथ चली गई। पति का कहना है कि वह उस महिला को नहीं जानता, लेकिन वह परिवार की कोई परिचित हो सकती है। अब पुलिस उस रहस्यमयी महिला की तलाश में जुट गई है जो निदा को अपने साथ ले गई।
मुंब्रा में SIT का बड़ा सर्च ऑपरेशन
मुख्य आरोपी की तलाश में नासिक पुलिस की SIT टीम ने ठाणे के मुंब्रा इलाके में डेरा डाल दिया है। टीम ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों की मानें तो पुलिस निदा के एक करीबी रिश्तेदार को भी साथ लेकर आई थी ताकि उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके। पुलिस को अंदेशा है कि निदा स्थानीय संपर्कों की मदद से लोकेशन बदल रही है।
AGM पद का रसूख और पद के दुरुपयोग का आरोप
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि निदा खान कंपनी में असिस्टेंट जनरल मैनेजर जैसे ऊंचे पद पर तैनात थी। पुलिस का आरोप है कि निदा ने अपने पद और रसूख का इस्तेमाल कर इस पूरे मामले के सबूतों को मिटाने और मामले को दबाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, केस के अन्य आरोपी भी निदा के इशारों पर ही काम कर रहे थे।
भिवंडी से मुंब्रा तक निदा का सफर
पुलिस ने निदा खान के पिछले कुछ सालों का रिकॉर्ड खंगाला है। वह मूल रूप से भिवंडी की रहने वाली है, लेकिन करियर और निजी कारणों से वह मुंब्रा और नासिक के बीच शिफ्ट होती रही। पिछले दो महीनों से वह मुंब्रा में अपने पति के साथ रह रही थी, लेकिन जैसे ही पुलिस की जांच तेज हुई, वह फरार हो गई।
क्या है पूरा TCS मामला और धाराएं?
यह पूरा विवाद 26 मार्च को शुरू हुआ जब नासिक के देवलाली कैंप थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि जुलाई 2022 से शादी का झांसा देकर पीड़िता को धोखे में रखा गया। निदा खान पर अपने भाई और मुख्य आरोपी दानिश शेख की मदद करने और सच्चाई छिपाने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 75, 299 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
अब तक 7 गिरफ्तार, निदा की तलाश जारी
पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक दानिश शेख, तौसीफ अत्तार और रजा मेमन समेत सात लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। कंपनी ने भी इन सभी आरोपित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। अब पुलिस की पूरी ताकत निदा खान को गिरफ्तार करने पर लगी है, ताकि इस साजिश की हर परत को खोला जा सके।















