लखीमपुर खीरी में कलेजा चीर देने वाली घटना: मां-बाप काट रहे थे गेहूं, 4 साल के मासूम को जबड़े में दबोच ले गया तेंदुआ

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और गम में डुबो दिया है। सिंगाही थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक आदमखोर तेंदुए ने माता-पिता की आंखों के सामने ही उनके चार साल के मासूम बेटे पर हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर खींच ले गया। रात के अंधेरे में जब बच्चे की तलाश पूरी हुई, तो जो मंजर दिखा उसने पुलिस और ग्रामीणों की रूह कंपा दी।

मजदूरी कर रहे थे माता-पिता, पास ही खेल रहे थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, निबौरिया के नया पुरवा गांव निवासी उमेद अली अपनी पत्नी और पिता के साथ शनिवार दोपहर खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पूरा कुनबा मजदूरी में लगा था। उमेद के तीन छोटे बच्चे भी खेत के किनारे ही खेल रहे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि पास की झाड़ियों में मौत घात लगाए बैठी है।

पलक झपकते ही मासूम को उठा ले गया तेंदुआ

शाम के वक्त अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने चार वर्षीय मासूम दिलशाद पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि माता-पिता कुछ समझ पाते या शोर मचाते, खूंखार तेंदुआ दिलशाद को अपने मजबूत जबड़ों में दबाकर झाड़ियों की ओर भाग निकला। पिता उमेद अली अपनी जान की परवाह किए बिना बेटे को बचाने के लिए तेंदुए के पीछे दौड़े, लेकिन वह घनी झाड़ियों और जंगल का फायदा उठाकर ओझल हो गया।

1.30 बजे मिला अधखिला शव, गुस्साए ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सर्च ऑपरेशन के दौरान रात करीब 1:30 बजे गांव के पास एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में दिलशाद का शव बरामद हुआ। तेंदुआ मासूम का एक हाथ और एक पैर खा चुका था। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि टीम समय पर नहीं पहुंची। यहां तक कि शव को रात में ही दबाने के दबाव की बात पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए कैमरे और पिंजरा

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलरायां वन रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले में बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने क्षेत्र में तेंदुए की निगरानी के लिए चार कैमरे और एक पिंजरा लगा दिया है, जबकि एक अन्य पिंजरा कल लगाया जाएगा। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इलाके में अब भी तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीण खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment