कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। यूपी कैडर के चर्चित आईपीएस अधिकारी और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में मशहूर अजय पाल शर्मा की बंगाल में तैनाती के साथ ही जुबानी जंग तेज हो गई है। टीएमसी नेता और फाल्टा सीट से उम्मीदवार जहांगीर खान ने आईपीएस अजय पाल की सख्त चेतावनी पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि “खेल तुमने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे।”
Ajay Pal Sharma, the encounter specialist and Singham of UP police, is deployed as police observer of South 24 Parganas. He just read the riot act to Bhaipo’s henchman Jehangir Khan’s family members.
Nobody can stop this election from being the most free and fair election in 50… pic.twitter.com/p3WOLLXL6d
— BJP West Bengal (@BJP4Bengal) April 27, 2026
IPS अजय पाल शर्मा की खुली चेतावनी: ‘कायदे से किया जाएगा इलाज’
उत्तर प्रदेश के ‘सिंघम’ कहे जाने वाले आईपीएस अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले में ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) के तौर पर तैनात किया है। तैनाती के बाद जब उन्हें टीएमसी समर्थकों द्वारा मतदाताओं को धमकाने की शिकायत मिली, तो वे सीधे जहांगीर खान के आवास पर पहुंच गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आईपीएस शर्मा बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, “आसपास के लोग अच्छी तरह समझ लें, अगर किसी ने बदमाशी या खुराफात की, तो उनका कायदे से इलाज किया जाएगा। जहांगीर के घरवाले सुन लें, उसे बता देना कि अगर दोबारा धमकाने की खबर आई, तो फिर अच्छे से खबर लेंगे, बाद में रोना-पछताना मत।”
TMC उम्मीदवार का पलटवार: ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त’
आईपीएस अधिकारी की इस सीधी चेतावनी से भड़के टीएमसी नेता जहांगीर खान ने एक जनसभा में खुलेआम मोर्चा खोल दिया। उन्होंने अजय पाल शर्मा और केंद्रीय सुरक्षा बलों को निशाने पर लेते हुए फिल्मी अंदाज में जवाब दिया। जहांगीर खान ने कहा, “ये लोग बहुत खेला दिखा रहे हैं, लेकिन पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त! अभी तो खेल सिर्फ शुरू हुआ है।”
जहांगीर ने आगे कहा कि कुछ लोग केंद्रीय बलों के दम पर इलाके में दबदबा बनाना चाहते हैं, लेकिन वे भूल रहे हैं कि असली ताकत जनता है। उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा, “अगर यहां के लोग सड़कों पर उतर आए, तो केंद्रीय बल उड़ जाएंगे। हमारी माताएं मां दुर्गा का रूप हैं, वे जानती हैं कि राक्षसों और बीजेपी के इशारे पर काम करने वाले इन बलों से कैसे निपटना है।”
अखिलेश यादव ने भी घेरा: ‘बीजेपी ने अपने एजेंट भेजे हैं’
बंगाल के इस रण में अब उत्तर प्रदेश की राजनीति भी कूद पड़ी है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने यूपी के अधिकारियों की बंगाल में तैनाती पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने सोशल मीडिया के जरिए तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ऑब्जर्वर के नाम पर उन अधिकारियों को बंगाल भेजा है, जिनका ‘टेस्ट’ वे रामपुर और संभल में कर चुके हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ये बीजेपी के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं, लेकिन बंगाल में ‘दीदी’ के आगे किसी की नहीं चलने वाली।
कौन हैं अजय पाल शर्मा?
अजय पाल शर्मा यूपी कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी गिनती एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर होती है और अपराधियों के बीच उनका खौफ जगजाहिर है। चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। अब देखना यह होगा कि दूसरे चरण के मतदान में ‘सिंघम’ की सख्ती भारी पड़ती है या टीएमसी का ‘खेला’।












