काशी में ‘डमरू’ की गूंज और फूलों की वर्षा: पीएम मोदी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, 14 KM लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे के अंतिम दिन बुधवार को काशीपुराधिपति भगवान विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री ने न केवल बाबा का षोडशोपचार पूजन किया, बल्कि 14 किलोमीटर लंबे मेगा रोड शो के जरिए काशीवासियों का दिल भी जीत लिया। डमरूओं की थाप और शंखनाद से पूरी काशी शिवमय नजर आई।

स्वर्णिम गर्भगृह में पूजन और 51 ब्राह्मणों का शंखनाद

अपने 54वें काशी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत भव्य तरीके से किया गया। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही 51 ब्राह्मणों ने एक साथ शंखनाद कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर के स्वर्णमंडित गर्भगृह में अर्चक ओम प्रकाश मिश्र समेत पांच ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का अभिषेक संपन्न कराया। प्रधानमंत्री ने स्वयं मंत्रों का उच्चारण करते हुए देश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए मंगल कामना की।

त्रिशूल-डमरू भेंट और बच्चों पर लुटाया प्यार

दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री जब मंदिर चौक पहुंचे, तो वहां मौजूद शिवभक्तों का उत्साह चरम पर था। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने उन्हें महादेव का प्रतीक ‘त्रिशूल’ और ‘डमरू’ भेंट किया। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए त्रिशूल को हाथ में लेकर भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद नन्हे बच्चों से भी बात की, उनका सिर सहलाया और उनके साथ हंसी-मजाक करते नजर आए।

14 किलोमीटर लंबा रोड शो: फूलों से पट गई काशी की सड़कें

मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री का काफिला बरेका गेस्ट हाउस से रवाना हुआ। ककरमत्ता, मंडुवाडीह, फुलवरिया फ्लाईओवर और चौकाघाट होते हुए मैदागिन तक करीब 14 किलोमीटर के मार्ग पर काशीवासियों ने ‘पलक पावड़े’ बिछा दिए। सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों लोगों ने ढोल-नगाड़ों और डमरूओं की गूंज के बीच गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की। जनसैलाब के इस अपनत्व को देखकर पीएम मोदी भी भावुक नजर आए और लगातार हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

हरदोई के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री

काशी विश्वनाथ धाम में पूजन और जनसंपर्क के बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट से वे सीधे हरदोई में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए उड़नखटोले से प्रस्थान कर गए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और महापौर अशोक तिवारी सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment