कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर है। एक तरफ जहां दक्षिण 24 परगना के 15 मतदान केंद्रों पर आज (2 मई) को दोबारा मतदान (Repolling) हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ डायमंड हार्बर के फाल्टा इलाके में जबरदस्त हंगामा शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर नेता और प्रत्याशी जहांगीर खान के गढ़ फाल्टा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें सत्ताधारी पार्टी द्वारा डराया-धमकाया जा रहा है।
“जीत गए तो घर जला देंगे”: महिलाओं ने रो-रोकर सुनाई आपबीती
#WATCH | West Bengal Elections 2026 | South 24 Parganas: Locals have a heated argument with security personnel in Falta area. They are alleging that TMC leaders are threatening them. pic.twitter.com/tZkariNAwo
— ANI (@ANI) May 2, 2026
फाल्टा की सड़कों पर उतरी महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। एक प्रदर्शनकारी महिला ने कैमरे के सामने आरोप लगाया कि “TMC के इसराफिल चौकीदार ने हमें सीधी धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर TMC जीत गई, तो वे हमारे घर जला देंगे और खून-खराबा करेंगे।” एक अन्य महिला ने दावा किया कि उन्होंने TMC को ही वोट दिया था, बावजूद इसके उन पर हमला किया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और इलाके में कड़ी सुरक्षा की मांग की है।
EVM पर टेप चिपकाने का आरोप, शुभेंदु अधिकारी ने मोर्चा खोला
इस बवाल के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव आयोग से फाल्टा में भी पुनर्मतदान कराने की मांग तेज कर दी है। BJP का आरोप है कि मतदान के दिन कई बूथों पर EVM में ‘कमल के फूल’ वाले बटन पर काली टेप चिपका दी गई थी ताकि लोग उसे दबा न सकें।
विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मगरहाट और डायमंड हार्बर के कुछ बूथों पर दोबारा चुनाव का हम स्वागत करते हैं, लेकिन यह नाकाफी है। फाल्टा के कम से कम 60 बूथों पर दोबारा मतदान होना चाहिए क्योंकि वहां ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ के तहत धांधली की गई है।” केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि फाल्टा की 32 शिकायतों पर अब तक कोई फैसला न आना निराशाजनक है।
पुलिस का दावा स्थिति नियंत्रण में, आयोग ले सकता है बड़ा फैसला
फाल्टा में बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। एडिशनल SP ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और धमकाने के मामले में एक केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, चुनाव आयोग के पास फाल्टा से सबसे ज्यादा 32 शिकायतें पहुंची हैं। सूत्रों की मानें तो आज शाम तक आयोग फाल्टा के कुछ प्रभावित बूथों पर भी दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी कर सकता है। 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले बंगाल की यह ‘चुनावी जंग’ अब सड़कों पर आ गई है, जिससे प्रशासन की नींद उड़ गई है।















