कानपुर-सागर हाईवे पर कोहराम: बारातियों से भरी ईको वैन और डंपर की जोरदार भिड़ंत, आपस में टकराईं 6 गाड़ियां, 16 घायल

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे से दहल गई। कानपुर-सागर हाईवे पर पतारा कस्बे के पास बारातियों से भरी एक ईको वैन और डंपर के बीच हुई सीधी भिड़ंत ने तबाही मचा दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक के बाद एक छह गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस सामूहिक भिड़ंत में 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज भी चोटिल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

मोड़ पर बंद हुई ईको वैन और पीछे से काल बनकर आया डंपर

मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के मूसेपुर से एक बारात उमरी गांव गई थी। बुधवार सुबह बाराती ईको वैन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वैन घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा स्थित तिलसड़ा मोड़ के पास पहुंची, अचानक मुड़ते समय बंद हो गई। इसी दौरान घाटमपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर वैन के लिए काल बनकर आया और उसमें जोरदार टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी संभल नहीं पाए और एक के बाद एक 6 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू, चौकी इंचार्ज भी हुए घायल

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पतारा चौकी पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायलों को निकालते समय पतारा चौकी इंचार्ज के हाथ में भी गंभीर चोट आई है। सभी 16 घायलों को तुरंत पतारा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर जिला अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया।

हादसे में घायल हुए लोगों की सूची

इस भीषण सड़क हादसे में घायल होने वालों में मुख्य रूप से प्रांशु शुक्ला (20), आशीष शर्मा (20), खुशीराम (50), रुद्र (30), नरेश (40), मोहित (40), प्रदीप (40), सागर (14), राजेश (40), मनोज कुमार (45), रामबाबू, हसीम (45), सारनाथ (45), जयराम (50), अजय कुमार (45) और सलमान (45) शामिल हैं। ये सभी लोग कानपुर देहात और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। कुछ अन्य मामूली रूप से घायलों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है।

20 किलोमीटर लंबा जाम और भारी रूट डायवर्जन

हादसे के बाद कानपुर-सागर हाईवे पूरी तरह ठप हो गया और देखते ही देखते 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन हाईवे पर फंस गए। घाटमपुर पुलिस ने NHAI की क्रेन और जेसीबी मंगवाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस को हमीरपुर की ओर घाटमपुर चौराहे से और कानपुर की ओर रमईपुर चौराहे से रूट डायवर्जन लागू करना पड़ा। दोपहर बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, किशोर की मौत

नौबस्ता थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एनएच-19 हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक हाइवे पर पिकअप मंगलवार रात करीब 11 बजे से खराब हालत में खड़ी थी। पिकअप चालक ने इसकी सूचना पूर्व में एनएचएआई को दे दी थी। बुधवार सुबह करीब सात बजे पीछे से आ रही अनियंत्रित होकर पिकअप में जा टकराई।
हादसे के समय बाइक पर चार बच्चे सवार थे, जो भदरस से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया।

उपचार के दौरान बाइक चालक शिवा गौतम (17) पुत्र विजय गौतम निवासी मौईया गांव थाना चकेरी की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment