जेवर एयरपोर्ट से उड़ी पहली फ्लाइट: वाटर कैनन सैल्यूट से हुआ स्वागत, जमींदार से हवाई सफर तक. …देखें VIDEO 

नोएडा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उड्डयन इतिहास में आज 15 जून का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। दिल्ली-एनसीआर के दूसरे और देश के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शुमार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से आज से यात्री उड़ानों (Commercial Flights) की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए देश की दिग्गज विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने एक अनोखा तिहरा रूट (Lucknow-Noida-Bengaluru) तैयार किया। जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर जैसे ही लखनऊ से आई पहली फ्लाइट ने टचडाउन किया, वैसे ही विमान को भव्य ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ (Water Cannon Salute) दिया गया। इस पहली उड़ान से उत्तर प्रदेश के करीब 75 बड़े उद्योगपति और कारोबारी जेवर पहुंचे।

लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु का त्रिकोणीय रूट: पहले दिन गूंजेगी 7 उड़ानों की गड़गड़ाहट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास की सबसे पहली उद्घाटन उड़ान (फ्लाइट नंबर 6E-2278) सुबह 7:05 बजे लखनऊ से टेकऑफ करने के बाद ठीक 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। यह विमान लखनऊ से नोएडा आने के बाद यहीं से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया, जिससे इसका त्रिकोणीय रूट पूरा हुआ। जेवर एयरपोर्ट से पहले ही दिन करीब 6 से 7 उड़ानें संचालित हो रही हैं। इसमें हैदराबाद-नोएडा, नोएडा-अमृतसर, नोएडा-बेंगलुरु और नोएडा-लखनऊ की उड़ानें शामिल हैं। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, इंडिगो के बाद कल से आकासा एयरलाइन (Akasa Air) भी जेवर से अपनी उड़ानें शुरू कर देगी।

पहली फ्लाइट के साक्षी बने दिग्गज कारोबारी, बोले- ‘ग्लोबल बिजनेस हब बनेगा नोएडा’

जेवर एयरपोर्ट पर उतरने वाली पहली फ्लाइट में दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नामी उद्योगपति, निवेशक और आम पैसेंजर्स सवार थे। इन लोगों ने इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए महीनों पहले से टिकट बुक करा रखी थी। इस फ्लाइट में नागरिक विमानन मंत्रालय, डीजीसीए (DGCA) और ज्यूरिख एयरपोर्ट/नियल (NIAL) के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे। उद्योगपतियों और निवेशकों के समूह (CRC ग्रुप) का कहना है कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) बढ़ेंगे, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा दुनिया का सबसे बड़ा बिजनेस और रोजगार हब बनकर उभरेगा।

पुश्तैनी जमीन देने वाले जेवर के 170 किसान और महिलाएं शाम को भरेंगे उड़ान

इस पूरे उद्घाटन समारोह का सबसे भावुक और खूबसूरत पल शाम को देखने को मिलेगा। शाम को नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए विशेष वापसी उड़ान (फ्लाइट नंबर 6E-2279) रवाना होगी। इस फ्लाइट में जेवर के उन 170 किसानों और मजदूरों को सफर कराया जा रहा है, जिन्होंने इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी और उपजाऊ जमीनें देश के विकास के लिए सरकार को सौंप दी थीं। इन किसानों में 20 महिलाएं भी शामिल हैं, जो पहली बार हवाई सफर का आनंद लेंगी। जेवर के स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह इस पूरे किसान दल को अपने साथ लेकर लखनऊ जा रहे हैं।

लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा किसानों का दल

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरकर यह विशेष समूह सीधे राजधानी लखनऊ पहुंचेगा। वहां ये सभी किसान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष मुलाकात करेंगे और एयरपोर्ट की शुरुआत की बधाई देंगे। पहली फ्लाइट में सफर करने को लेकर जेवर की ग्रामीण महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। उन्होंने इस एयरपोर्ट की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। वहीं, इस ऐतिहासिक पल का अनुभव लेने के लिए दिल्ली के पश्चिम विहार से आए यात्रियों ने कहा कि पहली फ्लाइट चाहे दुनिया के किसी भी कोने में जाती, वे जेवर से उड़ने वाली पहली फ्लाइट का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह उत्सुक थे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment