शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। चर्चित धर्मांतरण मामले में एक ऐसा यू-टर्न आया है जिसने हर किसी को चौंका दिया है। कुछ समय पहले हिंदू से मुस्लिम बने आयुष मलिक उर्फ ‘मोहम्मद अली’ ने एक बार फिर अपने मूल धर्म यानी हिंदू सनातन धर्म में वापसी कर ली है। घर वापसी के बाद सोशल मीडिया पर आयुष की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह हिंदू देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करते हुए नजर आ रहे हैं।
क्यों लिया घर वापसी का फैसला? खुद आयुष ने खोला राज
सनातन धर्म में दोबारा वापसी करने के बाद आयुष मलिक ने खुद इसके पीछे की वजह का खुलासा किया है। आयुष का कहना है कि उन्होंने पहले अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म कुबूल किया था। लेकिन, उनके इस फैसले के बाद से उनके परिवार को समाज में काफी दिक्कतों और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अपने माता-पिता और परिवार की इसी परेशानी को देखते हुए उन्होंने अब दोबारा हिंदू धर्म अपनाने का फैसला किया है।
करोड़ों की संपत्ति और प्रेम प्रसंग का लगा था आरोप
आपको याद दिला दें कि जब यह मामला पहली बार सामने आया था, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। आयुष के पिता देवराज मलिक, जो कि क्षेत्र के जाने-माने दवा कारोबारी हैं, उन्होंने गंभीर आरोप लगाए थे। पिता का कहना था कि उनके इकलौते बेटे को एक सोची-समझी साजिश के तहत प्रेम प्रसंग में फंसाया गया और फिर उसका धर्म परिवर्तन कराकर उसे ‘मोहम्मद अली’ बना दिया गया। पिता ने आरोप लगाया था कि यह पूरी साजिश उनकी करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा करने के इरादे से रची गई थी।
जिम ट्रेनर चांदनी और पिता पर लगा था ब्रेन वॉश करने का आरोप
पूरे मामले की शुरुआत करीब 4 साल पहले हुई थी। आरोपों के मुताबिक, आयुष मलिक अपने घर के पास ही एक जिम में वर्कआउट करने जाते थे। वहीं पर उनकी मुलाकात जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी से हुई। आरोप है कि चांदनी ने आयुष को अपने प्रेम जाल में फंसाया और धीरे-धीरे उसका ब्रेन वॉश करना शुरू कर दिया। इसके बाद चांदनी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी ने कथित तौर पर परिवार से चोरी-छिपे आयुष से निकाहनामा पढ़वा लिया और उसका नाम बदलकर मोहम्मद अली रख दिया। इस बीच आयुष की नमाज पढ़ते हुए और इस्लामी रीति-रिवाजों को अपनाते हुए कई तस्वीरें भी सामने आई थीं।
पुलिसिया कार्रवाई: जेल गए थे जिम ट्रेनर और मौलवी
जब आयुष के माता-पिता ने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, तो प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम (धर्म परिवर्तन निषेध कानून) के तहत सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 3 मौलवियों समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी। अब आयुष की सनातन धर्म में वापसी के बाद यह पूरा मामला एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की सियासत और गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।










