चाकू दिखाकर लूटने वाले तीन बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे, पर्स भी बरामद

नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात के महज कुछ ही मिनटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और पीड़ित का लूटा हुआ पर्स, जिसमें ₹1,600 नकद, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज मौजूद थे, बरामद कर लिए।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मोहानपुरी की गली नंबर-11 के पास 29 वर्षीय मोहम्मद हिदायतुल्लाह ने सूचना दी कि तीन युवकों ने चाकू दिखाकर उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार होने का प्रयास कर रहे थे। पीड़ित के शोर मचाने पर क्षेत्र में गश्त कर रहे कांस्टेबल बलराज और हेड कांस्टेबल श्रीपाल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

सूचना मिलने पर एसआई विवेक और कांस्टेबल यतेंद्र भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान आरोपी जुहैब उर्फ जुब्बी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया रसोई का चाकू तथा मोहम्मद कैफ के पास से पीड़ित का लूटा हुआ पर्स बरामद हुआ।

भजनपुरा थाने में एफआईआर संख्या 311/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय जुहैब उर्फ जुब्बी निवासी वेलकम, 20 वर्षीय मोहम्मद कैफ और 20 वर्षीय उमर निवासी सीलमपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गश्ती टीम की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी संभव हो सकी, जिससे वारदात के तुरंत बाद ही पीड़ित को राहत मिल गई।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment