
- फर्रुखाबाद और शमशाबाद की रिक्त दुकानों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी पारदर्शी चयन प्रक्रिया, आवेदकों के सामने खुलेंगे आवेदन
- उच्चस्तरीय समिति की निगरानी में दोपहर 12 बजे निकलेगी लॉटरी, शासन के नियमों के तहत होगा आवंटन
Farrukhabad : सरकारी उचित दर (राशन) की दुकानों के आवंटन का लंबे समय से इंतजार कर रहे आवेदकों के लिए शुक्रवार अहम दिन होगा। नगर पालिका फर्रुखाबाद और नगर पंचायत शमशाबाद की तीन रिक्त उचित दर दुकानों का आवंटन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चयन समिति की निगरानी में और सभी पात्र आवेदकों की मौजूदगी में संपन्न होगी, जिससे चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के अनुमोदन के बाद इन दुकानों के लिए 22 जून से 6 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समयावधि में प्राप्त सभी आवेदन पत्र शुक्रवार को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में सार्वजनिक रूप से खोले जाएंगे। पात्रता परीक्षण के बाद लॉटरी के जरिए अंतिम चयन कर दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार नगर पालिका फर्रुखाबाद के सुदामा नगर (वार्ड-40) की उचित दर दुकान अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं नगर पंचायत शमशाबाद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (वार्ड-01/16) तथा रानी अवंतीबाई नगर (वार्ड-01/17) की उचित दर दुकानें अनारक्षित (सामान्य) श्रेणी के लिए निर्धारित की गई हैं।
आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में चयन समिति गठित की गई है। संबंधित उप जिलाधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी समिति के सदस्य होंगे, जबकि जिला पूर्ति अधिकारी सदस्य-संयोजक की भूमिका निभाएंगे। समिति की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और आवेदकों को निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि आवंटन की प्रत्येक प्रक्रिया शासनादेश के अनुरूप खुले और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी, ताकि चयन को लेकर किसी प्रकार का विवाद या भ्रम न रहे।








